

IND vs PAK, T20 World Cup 2026: श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला शुरू होने से पहले ही चर्चा का केंद्र बन गया है। इस मैदान पर हाल में खेले गए कुछ मुकाबलों में बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी कठिनाई हुई है। अब जिस पिच पर भारत और पाकिस्तान का मैच खेला जाना है, उसकी तस्वीर सामने आने के बाद यह साफ संकेत मिल रहा है कि गेंदबाजों को यहां अच्छी मदद मिल सकती है।
जानकारी के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला उसी पिच पर खेला जाएगा, जिस पर ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने आई थीं। उस मैच में गेंदबाजों का दबदबा साफ दिखाई दिया था और बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना पाए थे। इसी वजह से माना जा रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच भी कम स्कोर वाला मुकाबला देखने को मिल सकता है। दोनों टीमों के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है, जिससे मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।
पाकिस्तान की टीम इस समय अपनी अंतिम एकादश में पांच स्पिन गेंदबाजों के साथ उतर रही है। ऐसे में धीमी और घूमने वाली पिच से उन्हें अतिरिक्त मदद मिलने की उम्मीद रहेगी। यही कारण है कि पिच की स्थिति सामने आने के बाद पाकिस्तान खेमे में संतोष का माहौल बताया जा रहा है। यदि पिच वैसी ही रहती है जैसी पहले मैच में थी, तो स्पिन गेंदबाज निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
दूसरी ओर भारतीय टीम भी परिस्थितियों को देखते हुए अपनी अंतिम एकादश में बदलाव कर सकती है। कुलदीप यादव को सीधे टीम में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर को भी मौका मिल सकता है, जिससे टीम संतुलन बनाने की कोशिश करेगी। ऐसी स्थिति में भारत भी चार स्पिन गेंदबाजों के साथ उतर सकता है, ताकि पिच का पूरा फायदा उठाया जा सके।
भारतीय टीम: ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और वाशिंगटन सुंदर।
पाकिस्तान टीम: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा, बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक, फखर जमान, नसीम शाह, सलमान मिर्जा और ख्वाजा नफे।