नीदरलैंड के कप्तान ने किया FIFA का जिक्र, टीम इंडिया के खिलाफ मैच से पहले क्यों याद आए फुटबॉल के बड़े उलटफेर

T20 World Cup 2026: भारत और नीदरलैंड के बीच ग्रुप-1 का मुकाबला 18 फरवरी को अहमदाबाद में खेला जाएगा। कागज पर डच टीम भले कमजोर दिखे, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने को लेकर वह काफी उत्साहित है।
नीदरलैंड के कप्तान ने किया फीफा का जिक्र, टीम इंडिया के खिलाफ मैच से पहले क्यों याद आए फुटबॉल के बड़े उलटफेर
भारत बनाम नीदरलैंड (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India vs Netherlands, T20 World Cup 2026: बुधवार 18 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में टूर्नामेंट की मजबूत टीम मानी जा रही भारत का सामना नीदरलैंड्स से होगा। कागज पर भले ही भारतीय टीम को जीत का दावेदार माना जा रहा है, लेकिन डच टीम इस चुनौती से घबराई नहीं है। इसके उलट खिलाड़ी दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेलने को लेकर काफी उत्साहित हैं। लगभग 1.32 लाख दर्शकों की क्षमता वाला यह मैदान आधा भर जाने पर भी उतने दर्शक जुटा सकता है, जितने आमतौर पर नीदरलैंड्स में क्रिकेट मैचों में नहीं आते, जहां ज्यादातर खेल प्रेमी फुटबॉल को समर्थन देने पहुंचते हैं।

‘मोटेरा में खेलना हमारे लिए खास’

नीदरलैंड्स टीम के मीडिया और मार्केटिंग मैनेजर जॉन वैन व्लिएट ने मैच से पहले इस अनुभव को खास बताया। उन्होंने कहा कि “भारत में दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेलना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। कल के मैच में शायद उतने दर्शक होंगे, जितने फीफा वर्ल्ड कप में हमारी टीम को देखने आते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि टीम को उम्मीद है कि स्पॉन्सर्स इस मंच की अहमियत समझेंगे, हालांकि अब तक वैसा उत्साह नहीं दिखा है। स्टेडियम की ऑरेंज रंग की सीटें भी डच टीम के पारंपरिक रंग से मेल खाती हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपनापन महसूस होता है।

ऐन मौके पर मिला सहारा

नीदरलैंड्स की स्थिति कई अन्य एसोसिएट टीमों जैसी है, जो सीमित संसाधनों के साथ बड़े टूर्नामेंट में उतरती हैं। टीम को अपने पहले मैच से कुछ दिन पहले ही एक स्पॉन्सर मिला। एक भारतीय कंपनी ने आगे आकर सहयोग किया, जैसा पहले भी बड़े टूर्नामेंटों में देखा गया है। फाइनेंशियल सर्विस से जुड़ी इस कंपनी ने टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले टीम का साथ दिया और मैनेजमेंट को उम्मीद है कि यह साझेदारी आगे भी जारी रह सकती है।

अच्छी परफॉर्मेंस से भविष्य की उम्मीद

नीदरलैंड्स आईसीसी टूर्नामेंट में नियमित रूप से हिस्सा लेता रहा है, लेकिन देश में क्रिकेट अभी भी लोकप्रिय खेलों की सूची में नीचे है। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन भविष्य में नए स्पॉन्सर्स और समर्थन का रास्ता खोल सकता है।

कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स का बयान

नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने भी इस मुकाबले को टीम के लिए बड़ा मौका बताया। “ये जाहिर तौर पर बहुत बड़ा मौका है। दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेलना ऐसी चीज है जिसका हम सभी इंतजार कर रहे हैं। यह बेहतरीन खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने का शानदार अवसर है।”

उन्होंने आगे कहा कि “नीदरलैंड्स में क्रिकेट धीरे-धीरे बढ़ रहा है। फुटबॉल वहां का मुख्य खेल है और हम शायद उस स्तर तक न पहुंच पाएं, लेकिन हमारा लक्ष्य खेल को आगे बढ़ाना है और उम्मीद है कि हमारी परफॉर्मेंस इससे मदद करेगी।”

Navbharat Live
navbharatlive.com