IND vs BAN: भारत के खिलाफ टी20 में बांग्लादेश का संघर्ष, इतिहास में सिर्फ एक जीत ही दर्ज

IND vs BAN T20 Head to Head Record: पाकिस्तान को शिकस्त देने के बाद बुधवार को टीम इंडिया का सामना बांग्लादेश से होगा। इस मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के बीच का हेड टू हेड रिकॉर्ड जान लेते हैं।
टी20 इतिहास में भारत के खिलाफ सिर्फ 1 ही मैच जीत सका बांग्लादेश
भारत बनाम बांग्लादेश (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

IND vs BAN: भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया मुकाबला काफी चर्चा में रहा। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। इस मुकाबले में टीम इंडिया की जीत के हीरो अभिषेक शर्मा रहे। अभिषेक ने सभी पाक गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी। उन्होंने 39 गेंदो का सामने करते हुए 74 रन बनाए। इस मुकाबले के बाद टीम इंडिया को बांग्लादेश के साथ मैच खेलना है।

टीम इंडिया अपने अगले मुकाबले में बांग्लादेश को हल्के में नहीं लेना चाहेगी। वहीं, बांग्लादेश की टीम सुपर-4 अपनी पहली जीत तलाशना चाहेगी। एशिया कप 2025 में बुधवार को दोनों देशों के बीच टूर्नामेंट का 16वां मैच खेला जाना है। आइए, जानते हैं कि टी20 फॉर्मेट में किस देश का पलड़ा ज्यादा भारी है।

भारत-बांग्लादेश हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और बांग्लादेश ने साल 2009 से अब तक कुल 17 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 16 मैच भारत के पक्ष में रहे, जबकि सिर्फ एक ही मुकाबला बांग्लादेश जीत सका। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में जून 2009 से मार्च 2018 तक लगातार 8 मैच जीते। बांग्लादेश ने नवंबर 2019 में भारत के विरुद्ध पहली और इकलौती बार टी20 मुकाबला अपने नाम किया। इसके बाद से भारत ने इस टीम के खिलाफ लगातार 8 टी20 मुकाबले जीते।

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में अब तक सिर्फ दो ही मैच खेले हैं, जिसमें दोनों मुकाबले टीम इंडिया के ही नाम रहे। 24 फरवरी 2016 को ढाका में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 166 रन बनाए। इस मैच में रोहित शर्मा ने 55 गेंदों में 83 रन की पारी खेली थी।

इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 121 रन ही बना सकी। भारत की तरफ से आशीष नेहरा ने 23 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए थे। भारत ने 45 रन से मैच अपने नाम किया। इसके बाद दोनों देश 6 मार्च 2016 को टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में आखिरी बार भिड़े। यह फाइनल मैच था, जिसमें बारिश के चलते 5-5 ओवरों की कटौती की गई।

ढाका के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने 15 ओवरों में 5 विकेट खोकर 120 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 13.5 ओवरों में 8 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live
navbharatlive.com