ऑस्ट्रेलिया की चुनौतियों से निपटना होगा भारत को, महिला वनडे में ऐसा रहा दोनों टीमों का रिकॉर्ड

India Women vs Australia Women: भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के बीच मुकाबला खेला जाएगा। आइए, जानते हैं कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच महिला वनडे क्रिकेट का इतिहास कैसा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया की चुनौतियों से निपटना होगा भारत को, महिला वनडे में ऐसा रहा दोनों टीमों का रिकॉर्ड
भारतीय महिला टीम बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India Women vs Australia Women, 13th Match: महिला वनडे कप 2025 का 13वां मुकाबला भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला आज 12 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा।

इस मुकाबले से पहले जानते हैं कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला वनडे क्रिकेट में कैसा इतिहास रहा है। ऑस्ट्रेलिया महिला टीम और भारत के बीच अब तक कुल 59 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम लगभग 80 प्रतिशत मुकाबले जीतने में सफल रही है। वहीं भारतीय टीम अब तक केवल 20 प्रतिशत मुकाबला ही जीत सकी है।

दोनों टीमों के बीच अब तक 59 मुकाबले खेले गए

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच साल 1978 से अब तक कुल 59 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 48 मैच अपने नाम किए। वहीं, भारतीय टीम 11 मैच जीत सकी। दोनों देशों के बीच 8 जनवरी 1978 से 21 जुलाई 1993 तक कुल 9 मैच खेले गए। सभी मुकाबले ऑस्ट्रेलिया के नाम रहे।

ऑस्ट्रेलिया का रहा है दबदबा

भारतीय टीम ने 16 फरवरी 1995 को पहली बार ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने इस मुकाबले को 3 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद 24 दिसंबर 1997 से 13 दिसंबर 2004 तक ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ लगातार छह मुकाबलों में जीत हासिल की।

पिछले 10 वनडे में भी ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी

दोनों देशों के बीच पिछले 10 वनडे मुकाबलों को देखा जाए, तो 9 मैच ऑस्ट्रेलिया के नाम रहे, जबकि एक मैच भारत ने जीता। दोनों देशों के बीच सितंबर 2025 में तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से अपने नाम किया।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 1995 में एक मैच जीता, जबकि साल 2004 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध तीन मुकाबले अपने नाम किए। साल 2007 में भारत ने एक मैच अपने नाम किया, जिसके बाद साल 2009 में टीम इंडिया को 2 मुकाबलों में जीत नसीब हुई। टीम इंडिया ने साल 2016, 2017, 2021 और 2025 में एक-एक वनडे मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीते।

महिला विश्व कप 2025 में ऑस्ट्रेलियाई टीम 3 में से 2 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मौजूद है, जबकि टीम इंडिया ने 3 में से इतने ही मैच अपने नाम किए, लेकिन नेट रन रेट के अंतर के चलते यह टीम तीसरे स्थान पर है। अगर भारत इस मुकाबले को अपने नाम करता है, तो ऑस्ट्रेलिया से आगे निकल जाएगा। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com