

ACB Promotional Video Map Dispute: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से शुरू होने वाली T20 सीरीज से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक प्रचार वीडियो में दिखाए गए नक्शे को लेकर विवाद हो गया। पाकिस्तान में इस वीडियो को लेकर नाराजगी जताई गई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से कार्रवाई की मांग की गई।
एसीबी ने 6 सितंबर को तीन मैचों की T20 सीरीज के प्रचार के लिए एक वीडियो जारी किया था। इसमें दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को दिखाया गया था। वीडियो के आखिर में भारत और अफगानिस्तान के नक्शे भी दिखाए गए थे।
वीडियो के एक हिस्से में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत के नक्शे के अंदर दिखाया गया था। वहीं, दूसरे हिस्से में नक्शे की सीमाएं अलग नजर आईं। इस वजह से सोशल मीडिया पर नक्शे को लेकर सवाल उठने लगे।
पाकिस्तान में सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर आपत्ति जताते हुए पीसीबी से कार्रवाई की मांग की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी ने ये मामला पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने भी उठाया।
भारत में भी कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने एसीबी से नक्शे को ठीक करने की मांग की थी। विवाद बढ़ने के बाद एसीबी ने अपना पुराना प्रचार वीडियो हटा दिया। इसके बाद एसीबी ने एक नया वीडियो जारी किया। इसमें कश्मीर के नक्शे के साथ दिल्ली का इंडिया गेट दिखाया गया है। नए वीडियो में नक्शे की सीमाएं साफ तौर पर दिखाई नहीं गई हैं।
एसीबी ने अभी तक ये स्पष्ट नहीं किया है कि नया वीडियो पुराने नक्शे को लेकर हुए विवाद के बाद क्यों जारी किया गया। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस बदलाव को लेकर चर्चा जारी है। ये विवाद भारत और अफगानिस्तान की तीन मैचों की T20 सीरीज शुरू होने से कुछ दिन पहले सामने आया है।
सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे। इस सीरीज में अफगानिस्तान को घरेलू टीम माना गया है, लेकिन सभी मुकाबले भारत में खेले जाएंगे। सुरक्षा कारणों से अफगानिस्तान हाल के वर्षों में अपने घरेलू मुकाबले यूएई और भारत जैसे देशों में आयोजित करता रहा है।