IND vs AFG: फिर मैदान पर दिखेंगे रोहित-कोहली, भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज के शेड्यूल का हुआ ऐलान

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल बीसीसीआई ने जारी कर दिया है। दोनों टीमों के सभी मुकाबले जून महीने में खेले जाएंगे।
भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज के शेड्यूल का ऐलान
रोहित शर्मा और विराट कोहली (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IND vs AFG ODI and One Day Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली बहुप्रतीक्षित क्रिकेट सीरीज का पूरा कार्यक्रम आखिरकार सामने आ गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस दौरे के शेड्यूल और वेन्यू का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में टेस्ट और वनडे मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें कई स्टार खिलाड़ी मैदान पर वापसी करते हुए नजर आएंगे।

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाली इस सीरीज को आगामी वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि लंबे समय बाद विराट कोहली, रोहित शर्मा और शुभमन गिल एक साथ एक्शन में दिखाई देंगे।

टेस्ट मैच से होगी सीरीज की शुरुआत

अफगानिस्तान की टीम जून 2026 में भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। सीरीज का आगाज टेस्ट मुकाबले से होगा। बीसीसीआई द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार यह एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में अफगानिस्तान लगातार अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, वहीं भारतीय टीम भी अपनी बेंच स्ट्रेंथ को परखना चाहेगी।

14 जून से शुरू होगी वनडे सीरीज

टेस्ट मैच के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहला वनडे 14 जून को धर्मशाला में आयोजित होगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा। सीरीज का तीसरा और अंतिम वनडे 20 जून को चेन्नई में होगा, जिसके साथ दौरे का समापन हो जाएगा। यह वनडे सीरीज अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि टीम इंडिया इसी सीरीज से अपने संयोजन और रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू करेगी।

गिल की कप्तानी में दिखेंगे कोहली और रोहित

मौजूदा समय में भारतीय वनडे टीम की कप्तानी शुभमन गिल संभाल रहे हैं और उम्मीद है कि इस सीरीज में भी वही टीम की अगुवाई करेंगे। वहीं सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इस सीरीज में खेलते नजर आएंगे। दोनों दिग्गज खिलाड़ी अब सीमित प्रारूप में ही खेल रहे हैं, इसलिए उनकी मौजूदगी टीम के लिए अनुभव और स्थिरता लेकर आएगी। आगामी बड़े टूर्नामेंट को देखते हुए यह सीरीज भारतीय टीम के लिए तैयारी का अहम मंच साबित हो सकती है।

भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज का पूरा शेड्यूल

  • एकमात्र टेस्ट मैच: 6 से 10 जून, मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़)
  • पहला वनडे: 14 जून, धर्मशाला
  • दूसरा वनडे: 17 जून, लखनऊ
  • तीसरा वनडे: 20 जून, चेन्नई
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com