भारतीय टीम ने दिल्ली में तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, वेस्टइंडीज को हराकर रचा इतिहास

India Create Test History: अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
भारतीय टीम ने दिल्ली में तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, वेस्टइंडीज को हराकर रचा इतिहास
भारतीय टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India Create Test History In New Delhi: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला भारतीय टीम ने अपने नाम किया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराया। भारत ने वेस्टइंडीज को दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से रौंद दिया।

बतौर कप्तान शुभमन गिल ने घर पर अपनी पहली सीरीज जीत ली है। इसके साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में पहली सीरीज जीत ली है। गिल की कप्तानी में अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं। जिसमें 4 मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत हासिल की। वहीं 2 में हार का सामना करना पड़ा है और एक ड्रॉ रहा है।

इसके साथ ही भारत ने अरुण जेटली स्टेडियम में अपना अपराजित क्रम बरकरार रखा है। भारतीय टीम ने इस मैदान पर लगातार 14 टेस्ट जीत हासिल कर लिया है। जिसकी शुरुआत मार्च 1993 में ज़िम्बाब्वे पर पारी और 13 रनों की जीत से हुई थी। यह किसी घरेलू मैदान पर भारत की अब तक की सबसे लंबी अपराजित श्रृंखला है। इसने मोहाली और ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारत की 13-13 मैचों की अपराजित रिकॉर्ड श्रृंखला को पीछे छोड़ दिया है।

चार बल्लेबाजों ने जड़ा शतक

इस मुकाबले में चार बल्लेबाजों ने शतक जड़ा। दो भारत की ओर और दो वेस्टइंडीज की ओर शतक लगा। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने शतकीय पारी खेली। यशस्वी जायसवाल ने 175 और शुभमन गिल ने नाबाद 129 रनों की पारी खेली। वहीं वेस्टइंडीज के लिए जॉन कैंपबेल और शाई होप ने शतक जड़ा। जॉन कैंपबेल ने अपना पहला टेस्ट शतक बनाया। कैंपबेल ने 115 और शाई होप ने 103 रनों की पारी खेली।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com