मैनचेस्टर में सचिन के बाद नहीं कर सका कोई ऐसा, 88 साल में केवल 8 बल्लेबाजों...

India At Old Trafford: भारतीय टीम ने मैनचेस्टर में अभी तक एक भी मुकाबला नहीं जीता है। इस मैदान पर भारतीय टीम ने कुल 9 मुकाबले खेले हैं। जिसमें भारत को 4 में हार और 5 मैच ड्रॉ रहे हैं।
मैनचेस्टर में सचिन के बाद नहीं कर सका कोई ऐसा, 88 साल में केवल 8 बल्लेबाजों...
सचिन तेंदुलकर (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

India At Old Trafford: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। भारतीय टीम को इस मुकाबले में किसी भी हाल में जीत हासिल करनी होगी। लॉर्ड्स में मिली हार के बाद भारतीय टीम 1-2 से पिछड़ गई है।

मैनचेस्टर में अब तक भारतीय टीम ने एक भी टेस्ट में जीत दर्ज नहीं की है। अगर शुभमन गिल की टीम मैनचेस्टर में जीत दर्ज करती है तो सीरीज को 2-2 से बराबर कर लेगी। वहीं इसके साथ ही गिल भारत के पहले कप्तान बन जाएंगे, जिन्होंने इस मैदान में जीत दर्ज की हो। इस सीरीज में शुभमन गिल बल्ले से बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं। उम्मीद है कि इस मैदान में भी वो शानदार प्रदर्शन करेंगे।

गिल ने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा

गिल ने पहले दो मैचों में 3 शतक जड़े थे और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़कर इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए थे। साथ ही वह 1990 के बाद ओल्ड ट्रैफर्ड में शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन सकते हैं। हालांकि, लॉर्ड्स में गिल कमाल नहीं कर सके। उन्होंने पहली पारी में 16 और दूसरी पारी में 6 रन बनाए। उम्मीद है मैनचेस्टर में गिल का बल्ला बोलेगा।

मैनचेस्टर में 8 बल्लेबाजों ने लगाए हैं शतक

अब तक मैनचेस्टर में केवल 8 भारतीय बल्लेबाज़ ही शतक लगा पाए हैं। सबसे पहले इस मैदान पर सैयद मुश्ताक अली और विजय मर्चेंट ने शतक लगाया था। उन्होंने ऐसा 1936 में किया था। सैयद मुश्ताक अली इस मैदान पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने 112 रनों की पारी खेली थी। वहीं उसी मैच की दूसरी पारी में विजय मर्चेंट ने शतक जड़ा था। उन्होंने 114 रनों की पारी खेली थी।

ओल्ड ट्रैफर्ड में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा खेली गई शतकीय पारी

बल्लेबाज़ का नाम स्कोर वर्ष (जिस वर्ष शतक लगा) मैच परिणाम
सैयद मुश्ताक अली 112 1936 मैच ड्रॉ
विजय मर्चेंट 114 1936 मैच ड्रॉ
अब्बास अली बेग 112 1959 इंग्लैंड 171 रन से जीता
पोली उमरीगर 118 1959 इंग्लैंड 171 रन से जीता
सुनील गावस्कर 101 1974 इंग्लैंड 133 रन से जीता
संदीप पाटिल 129* 1982 मैच ड्रॉ
मोहम्मद अज़हरुद्दीन 179 1990 मैच ड्रॉ
सचिन तेंदुलकर 119* 1990 मैच ड्रॉ

इसके बाद 1959 में अब्बास अली बेग ने इस मैदान पर शतक बनाया। वो ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बने। ओल्ड ट्रैफर्ड में आखिरी बार किसी भारतीय बल्लेबाज ने 1990 में शतक बनाया था। सचिन तेंदुलकर ने करियर का अपना पहला टेस्ट शतक 1990 में इसी मैदान पर बनाया था। तेंदुलकर ने नाबाद 119 रनों की पारी खेली थी। इस मुकाबले में मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने पहली पारी में 179 रन बनाए थे। मैच ड्रॉ रहा था।

भारत ने अब तक इंग्लैंड के मैनचेस्टर में 9 टेस्ट मैच खेले हैं और अभी तक अपनी पहली जीत दर्ज नहीं की है। इंग्लैंड ने चार मौकों पर जीत हासिल की है। इंग्लैंड ने भारत को इस मैदान पर 1952 में, उसके बाद 1959 में, फिर 1974 में और 2014 में जीत हासिल की है, जबकि बाकी 5 मैच ड्रॉ रहे। 2014 के बाद इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच में कोई मैच नहीं खेला गया था। अब 11 साल बाद पहला मुकाबला खेला जाएगा।

ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत का रिकॉर्ड

वर्ष मैच परिणाम
1936 मैच ड्रॉ
1946 मैच ड्रॉ
1952 इंग्लैंड ने पारी और 207 रन से जीत दर्ज की
1959 इंग्लैंड ने 171 रन से जीत दर्ज की
1971 मैच ड्रॉ
1974 इंग्लैंड ने 113 रन से जीत दर्ज की
1982 मैच ड्रॉ
1990 मैच ड्रॉ
2014 इंग्लैंड ने पारी और 54 रन से जीत दर्ज की

एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज में पिछड़ी भारतीय टीम

एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज में भारतीय टीम पिछड़ गई है। मैनचेस्टर के मुकाबले में टीम को मजबूती से वापसी करनी होगी। भारतीय टीम इस मैदान पर अपने खराब रिकॉर्ड को दूर करने और सीरीज 2-2 से बराबर करने के लिए जसप्रीत बुमराह की वापसी और मजबूत बल्लेबाजी प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com