IND vs WI 3rd ODI Records: भारत ने खराब शुरुआत से उबरते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में जीत के लिए 352 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। यह मुकाबला पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है। अब भारत की नजरें वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप करने पर हैं।
इस मुकाबले में भारत की पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड भी बने। टीम इंडिया ने वनडे क्रिकेट में 350 या उससे ज्यादा रन बनाने के मामले में अपनी स्थिति और मजबूत की है।
वनडे क्रिकेट में 350 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाने वाली टीमों की सूची में भारत सबसे आगे है।
भारत: 45 बार
दक्षिण अफ्रीका: 36 बार
ऑस्ट्रेलिया: 31 बार
इंग्लैंड: 29 बार
न्यूजीलैंड: 18 बार
भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी सीरीज में भी छक्कों का रिकॉर्ड बना है। 3 मैचों की सीरीज में भारत अब तक 45 छक्के लगा चुका है। किसी द्विपक्षीय सीरीज में एक टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों के आंकड़े इस तरह हैं-
66: ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत, भारत में 2013 (6 मैच)
66: वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, वेस्टइंडीज में 2019 (5 मैच)
55: दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका में 2023 (5 मैच)
45: इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान, इंग्लैंड में 2019 (5 मैच)
45: भारत बनाम वेस्टइंडीज, भारत में 2026 (3 मैच)
3 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में इससे पहले सबसे ज्यादा छक्कों का आंकड़ा 37 था, जो इंग्लैंड ने 2021 में भारत के खिलाफ भारत में लगाए थे।
भारत की ओर से वनडे में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी केएल राहुल का नाम शामिल हो गया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी मुकाबले में राहुल ने 129* रन की पारी खेली।
139: युवराज सिंह बनाम ऑस्ट्रेलिया, सिडनी 2004
134: एमएस धोनी बनाम इंग्लैंड, कटक 2017
129:* केएल राहुल बनाम वेस्टइंडीज, नया चंडीगढ़ 2026
124: एमएस धोनी बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर 2009
भारत ने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली है और तीसरे वनडे में जीत के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्वीप पूरा करने की कोशिश कर रहा है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर कप्तान शुभमन गिल (1) का विकेट गंवा दिया था। अगली गेंद पर विराट कोहली (0) को जायडेन सील्स ने बोल्ड करते हुए मेजबान टीम को मुश्किल में डाल दिया।
भारतीय टीम सिर्फ 4 के स्कोर पर दो विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद रोहित शर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 132 गेंदों में 137 रन की साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को 141 के स्कोर तक पहुंचा दिया। रोहित अपने शतक से महज 8 रन दूर रह गए। उन्होंने 85 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 92 रन की पारी खेली। उनके पवेलियन लौटने के बाद केएल राहुल ने मोर्चा संभाला।
केएल राहुल 87 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों के साथ 129 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि गुरनूर बरार ने नाबाद 8 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
मेहमान टीम की तरफ से जायडेन सील्स ने 62 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि कीमो पॉल ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, गुडाकेश मोती ने 1 विकेट हासिल किया।