

Highlights:
दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज दूसरे जगह हुई शिप्ट
सीरीज का पहला वनडे मुकाबला अब दिल्ली के बजाय विशाखापत्तनम में खेला जाएगा
BCCI ने आधिकारिक तौर पर वेन्यू में हुए इस बदलाव की जानकारी साझा कर दी है
IND vs SL 1st ODI Venue Shifted to Visakhapatnam: भारत और श्रीलंका के बीच आगामी दिसंबर में होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज की शुरुआत से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सीरीज का पहला वनडे मुकाबला अब दिल्ली के बजाय विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। BCCI ने आधिकारिक तौर पर वेन्यू में हुए इस बदलाव की जानकारी साझा कर दी है।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के विशेष अनुरोध के बाद बीसीसीआई ने इस मैच को री-शेड्यूल करने का फैसला लिया। यह मुकाबला अब अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 दिसंबर 2026 को विशाखापत्तनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए (ACA-VDCA) क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
दरअसल, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के एक अधिकारी के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण हैं।
प्रदूषण और खराब मौसम: दिसंबर के महीने में दिल्ली में संभावित खराब मौसम, घने कोहरे (धुंध) और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए मैच कराने में परेशानी आ सकती थी।
स्टेडियम का रिनोवेशन कार्य: अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में इस समय नवीनीकरण (रिनोवेशन) का काम चल रहा है। मैदान पर आउटफील्ड को बालू रेत (सैंड-बेस्ड) पर तैयार किया जा रहा है, जिसे पूरा होने में अगले तीन महीने का समय लगेगा।
इन व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए डीडीसीए ने बीसीसीआई से मैच को दिल्ली से बाहर शिफ्ट करने की गुजारिश की थी, जिसे बोर्ड ने स्वीकार कर लिया।
श्रीलंका की टीम अपने इस भारत दौरे की शुरुआत 13 दिसंबर को विशाखापत्तनम में पहले वनडे के साथ करेगी। वनडे सीरीज के सभी मुकाबले दोपहर 2:00 बजे से खेले जाएंगे। पहला मैच विशाखापत्तनम में होने के बाद, दूसरा वनडे बेंगलुरु और तीसरा मुकाबला अहमदाबाद में आयोजित होगा।
आपको बता दें कि वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद दोनों देशों के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी। टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 दिसंबर को राजकोट में होगा। टी20 सीरीज के सभी मुकाबले शाम 7:00 बजे से शुरू होंगे।