

15 साल की उम्र में मिली बिहार की कप्तानी, पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में संभालेंगे जिम्मेदारी
महाराष्ट्र के खिलाफ ठोक चुके हैं नाबाद 108 रन, अब कप्तानी में खुद को साबित करने की चुनौती
रणजी और दलीप ट्रॉफी में निभा चुके हैं अहम भूमिका, अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिखाएंगे दम
Vaibhav Suryavanshi Bihar Captain, Syed Mushtaq Ali Trophy 2026: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और महज 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के लिए बिहार क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। आधिकारिक क्रिकेट में यह पहला मौका होगा, जब सूर्यवंशी पूर्णकालिक कप्तान के रूप में टीम की अगुवाई करेंगे। इससे पहले वह रणजी ट्रॉफी में बिहार और दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के उप-कप्तान की भूमिका निभा चुके हैं।
सितंबर में चेन्नई में खेले गए दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में भी सूर्यवंशी को कप्तानी का अनुभव मिला था। उस दौरान ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन के कुछ समय के लिए मैदान से बाहर रहने पर सूर्यवंशी ने टीम की कमान संभाली थी।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) की चयन समिति ने 6 नवंबर को बैठक के बाद टीम की घोषणा की। इसके लिए 4 से 6 नवंबर तक ट्रायल आयोजित किए गए थे। चयनकर्ताओं ने शुरुआती दो मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों का चयन करते समय ट्रायल में उनके प्रदर्शन के साथ पिछले रिकॉर्ड को भी आधार बनाया।
वैभव सूर्यवंशी का टी20 क्रिकेट में भी शानदार रिकॉर्ड रहा है। वह अब तक 44 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें सात मैच बिहार की ओर से खेले हैं। पिछले सीजन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र के खिलाफ ईडन गार्डन्स में उन्होंने महज 61 गेंदों पर नाबाद 108 रन की शानदार पारी खेली थी।
वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्हें सिर्फ दो पारियों में बल्लेबाजी का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 4 और 45 रन बनाए। वेलिंगटन में तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा के साथ उनकी विस्फोटक साझेदारी ने भारत को शुरुआती छह ओवर में 118 रन तक पहुंचाया था।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी कर वैभव को नेतृत्व क्षमता दिखाने का शानदार मौका है। साथ ही अब बल्ले के साथ कप्तानी में भी धमाल मचाने की चुनौती होगी।