टीम इंडिया सिर्फ 233 रन पर ढेर, कोहली-अय्यर के अलावा सभी बल्लेबाज फेल, बुमराह ने एक ओवर में जड़े 18 रन
India vs England: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत 44 ओवर में 233 रन पर ऑलआउट हो गया। श्रेयस अय्यर ने 66 और विराट कोहली ने 65 रन बनाए, जबकि आर्चर और एटकिंसन ने 3-3 विकेट झटके।
- Written By: अर्पित शुक्ला
टीम इंडिया सिर्फ 233 रन पर ढेर (Image- IANS)
Eng Vs Ind 2nd ODI: मजबूत शुरुआत के बावजूद भारतीय टीम मेजबान इंग्लैंड के विरुद्ध गुरुवार को जारी वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 44 ओवरों का सामना करते हुए सिर्फ 233 रन पर ऑलआउट हो गई। एक ओर, टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है, तो दूसरी तरफ मेजबान टीम का उद्देश्य इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में बने रहना है।
गुरुवार को सोफिया गार्डन्स में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 7.4 ओवरों में 44 रन की साझेदारी की। गिल 30 गेंदों में 6 चौकों के साथ 31 रन बनाकर आउट हुए।
रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच साझेदारी
इसके बाद रोहित शर्मा ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 गेंदों में 60 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचाया। रोहित 47 गेंदों में 2 बाउंड्री के साथ 26 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद ईशान किशन (1) भी पवेलियन लौट गए।
सम्बंधित ख़बरें
BIG BREAKING: लॉर्ड्स में रोहित शर्मा खेलेंगे भारत के लिए आखिरी मैच, इंग्लैंड सीरीज के बीच BCCI का बड़ा फैसला!
47 गेंद… सिर्फ 26 रन! रोहित शर्मा की स्लो इनिंग से सोशल मीडिया पर बवाल, यशस्वी जायसवाल की जगह खा रहे हिटमैन?
सिर्फ एक चौके से विराट बने नंबर-1! इंग्लैंड में कोई भारतीय नहीं कर पाया था ये कमाल, 15 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
KL राहुल OUT, ईशान किशन IN…दूसरे ODI में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, देखें टीम इंडिया की प्लेइंग-11
भारत ने 111 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया था। यहां से श्रेयस अय्यर ने विराट कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 67 गेंदों में 67 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, लेकिन 31.4 ओवर में कोहली (65) के आउट होने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।
बुमराह ने एक ओवर में बनाए 18 रन
आलम ये रहा कि भारत ने 210 के स्कोर तक 8 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद जसप्रीत बुमराह ने अय्यर के साथ 19 गेंदों में 23 रन जुटाए। इस दौरान 43वें ओवर में बुमराह ने साकिब महमूद के खिलाफ 3 चौके और 1 छक्का लगाया। अय्यर 71 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 66 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बुमराह ने 13 गेंदों में 20 रन की नाबाद पारी खेली।
इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि साकिब महमूद ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, सैम करन और विल जैक्स ने 1-1 विकेट चटकाया।
यह भी पढ़ें- 47 गेंद… सिर्फ 26 रन! रोहित शर्मा की स्लो इनिंग से सोशल मीडिया पर बवाल, यशस्वी जायसवाल की जगह खा रहे हिटमैन?
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग इलेवन में कप्तान शुभमन गिल के साथ रोहित शर्मा, विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया गया है।
वहीं, इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और साकिब महमूद शामिल हैं।
-एजेंसी इनपुट के साथ
