मिचेल स्टार्क ने फेंकी 176.5kph की गेंद? लाइव मैच ब्रॉडकास्टर्स का अजब-गजब कारनामा

Mitchell Starc 175kmph Ball: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज के पहले मैच में ब्रॉडकास्टर ने मिचेल स्टार्क के नाम थोड़ी देर के लिए बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया।
मिचेल स्टार्क ने फेंकी 176.5kph की गेंद? लाइव मैच ब्रॉडकास्टर्स का अजब-गजब कारनामा
मिचेल स्टार्क (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

IND vs AUS 1st ODI Match: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलियाई टीम हावी नजर आई। टॉस जीतकर कप्तान मिचेल मार्श ने बिना किसी हिचकिचाहट के पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, और मौसम को देखते हुए उनका ये निर्णय बिल्कुल सही साबित हुआ। तेज हवा और पिच की नमी ने कंगारू गेंदबाजों को पूरी तरह मदद दी, जिसकी वजह से टीम इंडिया की शुरुआत लड़खड़ा गई।

ब्रॉडकास्टर्स की बड़ी गलती

मैच शुरू होने से पहले ही ब्रॉडकास्टर्स से एक ऐसी गलती हो गई, जिसने फैंस को हैरान कर दिया। खेल की पहली गेंद फेंके जाने से पहले ही स्क्रीन पर यह दिखने लगा कि मिचेल स्टार्क ने 176.5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद डाली है। कई दर्शकों ने इसे देखकर हैरानी जताई कि क्या वाकई स्टार्क ने इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकी है। हालांकि बाद में यह साफ हुआ कि यह एक तकनीकी गड़बड़ी थी, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर इस "रिकॉर्ड स्पीड" के स्क्रीनशॉट वायरल हो चुके थे।

वास्तव में, स्टार्क ने ऐसी कोई गेंद नहीं फेंकी थी। मैच कुछ देर चलने के बाद ग्राफिक्स की गलती सुधारी गई। हालांकि इस भ्रम के बावजूद, स्टार्क का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने अपनी घातक स्विंग और सटीक लाइन से भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। अब तक उन्होंने छह ओवर में सिर्फ 22 रन देकर एक महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया।

टीम इंडिया की पारी पर संकट के बादल

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टॉस हारने के बाद टीम पहले ही दबाव में थी और ऊपर से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी ने हालात और बिगाड़ दिए। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी बल्लेबाज वापसी मैच में रन बनाने में नाकाम रहे। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।

इसके अलावा, मैच के दौरान बारिश ने भी चार बार खेल रोककर भारतीय पारी की लय तोड़ दी। खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया ने 16.4 ओवर में 52 रन बनाकर चार विकेट गंवा दिए थे। मैदान पर फिलहाल अक्षर पटेल और केएल राहुल संघर्ष करते नजर आ रहे हैं।

मौसम और गेंदबाजों ने मिलकर बिगाड़ी भारत की हालत

पर्थ की तेज पिच, ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धार और मौसम की अनुकूलता ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की परीक्षा ले ली है। कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम इंडिया इस संकट से बाहर निकलने की कोशिश कर रही है, लेकिन शुरुआती झटकों ने मैच की दिशा पहले ही तय कर दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com