

Ind A vs SL A Tri Series: श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर मुकाबले में इंडिया-ए हरा दिया। श्रीलंका दौरे में ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में दोनों टीमों के बीच दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया यह मैच काफी दिलचस्प रहा। मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 265 रनों का टारगेट दिया था। इसका पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम 9 विकेट पर 264 रन ही बना सकी औरयह मुकाबला सुपर ओवर में चला गया।
सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने इंडिया-ए को जीत के लिए 19 रन लक्ष्य दिया, लेकिन भारत 10 रन ही बना सका और इंडिया-ए को हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका-ए को 8 रनों से हराया था। फिर अफगानिस्तान-ए के खिलाफ बारिश के कारण बाधित हुए मुकाबले में DLS के नियमों के अनुसार 4 रनों से हार मिली थी और अब श्रीलंका टीम से मिली इस हार के बाद इंडिया-ए की फाइनल की राह अब मुश्किल लग रहा है।
265 रनों का पीछा करते हुए अविष्का फर्नांडो और निरोशन डिकवेला की जोड़ी ने श्रीलंका-ए को अच्छी शुरुआत दिलाई। निशांत सिंधु ने भारत को पहली सफलता अविष्का फर्नांडो (22 रन) के रूप में दिलाई। उसके बाद विशेन हलंबगे (17 रन) को आयुष बदोनी ने वापस भेजा। श्रीलंका की तरफ से डिकवेला (37 रन) अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन उनको भी विप्रज निगम ने अपनी फिरकी में फंसा लिया। इस प्रकार देखते ही देखते श्रीलंका-ए का स्कोर पांच विकेट पर 143 पहुंच गया।
श्रीलंका टीम को इस मुश्किल परिस्थिति में वानुजा सहान और सदीरा समरविक्रमा ने टीम को संभाला और छठे विकेट के लिए 51 रनों शानदार साझेदारी हुई। आयुष बदोनी ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए सहान को 25 रन के स्कोर पर आउट करके वापस भेजा। सदीरा समरविक्रमा की 93 रनों की बदौलत श्रीलंका टीम 264 रनों तक पहुंच गई। श्रीलंकाई टीम को आखिर गेंद पर दो रन चाहिए थे, लेकिन दूसरा रन पूरा करते समय ही गुणसेकरा रन आउट हो गए और मुकाबला सुपर ओवर में चला गया।