U19 World Cup: पाकिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने बनाया रिकॉर्ड, शुभमन गिल को पीछे छोड़ बने नए रन-मशीन
IND vs PAK: वैभव सूर्यवंशी ने यूथ वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 30 रन की अहम पारी खेली।
- Written By: संजय बिष्ट
वैभव सूर्यवंशी (फोटो-सोशल मीडिया)
Vaibhav Suryavanshi Record against Pakistan: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर सिक्स का अहम मुकाबला खेला गया। इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। हालांकि वह पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह मजबूत करने में जरूर सफल रहे।
सुपर सिक्स मुकाबले में तेज शुरुआत
पाकिस्तान के खिलाफ टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी ने सधी हुई और तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 22 गेंदों में 30 रन की पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। अपनी इस छोटी लेकिन प्रभावशाली पारी के दौरान सूर्यवंशी ने विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
गिल और उन्मुक्त को छोड़ा पीछे
इस पारी के साथ ही वैभव सूर्यवंशी यूथ वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए। उनके नाम अब 1169 रन दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने शुभमन गिल और उन्मुक्त चंद को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 1149 रन थे। सूर्यवंशी ने अपनी पारी का 11वां रन बनाते ही यह कीर्तिमान हासिल कर लिया।
सम्बंधित ख़बरें
खिलाड़ियों के होटल रूम में एंट्री बंद! BCCI का नया फरमान, IPL सीजन के पीक पर आकर क्यों लेना पड़ा ये फैसला
टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के घर गूंजी किलकारी, पत्नी देविशा ने बेटी को दिया जन्म, देखें तस्वीर
टीम इंडिया में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री! इस खतरनाक टीम के सामने मिल सकता है मौका, BCCI ने किया ऐलान
Boxing: SAI के लेटर से 40 भारतीय मुक्केबाजों के नाम गायब, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों से होंगे बाहर
साझेदारी टूटते ही लड़खड़ाई पारी
सूर्यवंशी ने एरोन जॉर्ज के साथ पहले विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी की। जॉर्ज ने 16 रन बनाए। सूर्यवंशी के आउट होते ही भारतीय पारी दबाव में आ गई। मोहम्मद सैय्यम ने आठवें ओवर में भारत को दो बड़े झटके दिए। उन्होंने पहले सूर्यवंशी को आउट किया और फिर कप्तान आयुष म्हात्रे को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। इसके बाद नौवें ओवर में अब्दुल सुभान ने एरोन जॉर्ज को बोल्ड कर दिया।
यूथ वनडे में भारत के लिए सर्वाधिक रन
भारत की ओर से यूथ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विजय जोल के नाम है, जिन्होंने 1404 रन बनाए हैं। उनके बाद यशस्वी जायसवाल, तन्मय श्रीवास्तव और अब वैभव सूर्यवंशी का नाम आता है। इतनी कम उम्र में इस सूची में शामिल होना सूर्यवंशी की निरंतरता और प्रतिभा को दर्शाता है।
कम उम्र में बड़ी उपलब्धियां
वैभव सूर्यवंशी का करियर शुरुआत से ही चर्चा में रहा है। उन्होंने आईपीएल 2025 में महज 14 साल की उम्र में डेब्यू कर इतिहास रचा था। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 35 गेंदों में शतक जड़कर टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा उन्होंने 14 साल और 272 दिन की उम्र में लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाया और बिहार के लिए बेहद कम उम्र में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी खिलाड़ी की शर्मनाक हरकत, मोहम्मद सैयाम ने भारतीय बल्लेबाज पर फेंका जानलेवा थ्रो
अंडर-19 स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट का उज्ज्वल भविष्य माने जा रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भले ही उनकी पारी लंबी नहीं रही, लेकिन रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं।
