जो रूट के सिर सजा नंबर-1 का ताज, ICC रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों को हुआ नुकसान

जो रूट ने लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार शतक लगाकर ICC टेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया। वहीं भारतीय बल्लेबाज़ों को नुकसान हुआ है, यशस्वी, पंत और गिल की रैंकिंग में गिरावट आई है।
जो रूट के सिर सजा नंबर-1 का ताज, ICC रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों को हुआ नुकसान
जो रूट (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

दुबई: आईसीसी ने बुधवार को ताज़ा टेस्ट बल्लेबाज़ों की रैंकिंग जारी कर दी है। लॉर्ड्स में शानदार शतक जड़ने वाले इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज़ का ताज अपने नाम कर लिया है। यह उनका टेस्ट करियर का 37वां शतक रहा, जिसने उन्हें रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा दिया।

जो रूट ने अपनी ही टीम के साथी बल्लेबाज हैरी ब्रूक को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। लॉर्ड्स टेस्ट की पारी के बाद ब्रूक को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह अब तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इसी के साथ न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। वह एक स्थान ऊपर चढ़कर अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

भारतीय बल्लेबाजों को हुआ नुकसान

भारत के यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और शुभमन गिल को नुकसान हुआ है। यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत को एक-एक अंक का नुकसान हुआ है। वहीं शुभमन गिल को 3 अंकों का नुकसान हुआ है। पिछले सप्ताह गिल छठे नंबर पर थे। लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट के बाद वो नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं जायसवाल चौथे से पांचवें और पंत सातवें से आठवें पायदान पर खिसक गए हैं।

आईसीसी अपडेटेड टेस्ट रैंकिंग

रैंक टीम खिलाड़ी का नाम वर्तमान रेटिंग
01 इंग्लैंड जो रूट 888
02 न्यूज़ीलैंड केन विलियमसन 867
03 इंग्लैंड हैरी ब्रूक 862
04 ऑस्ट्रेलिया स्टीव स्मिथ 816
05 भारत यशस्वी जायसवाल 801
06 दक्षिण अफ्रीका टेम्बा बावुमा 790
07 श्रीलंका कमिंदु मेंडिस 781
08 भारत ऋषभ पंत 779
09 भारत शुभमन गिल 765
10 इंग्लैंड जेमी स्मिथ 752

ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों का जलवा

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने जमैका में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में 48 रन बनाकर अपनी रैंकिंग में एक स्थान की उछाल लगाई और अब चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 204 रनों का लक्ष्य दिया और फिर सिर्फ 27 रन पर उन्हें आउट कर दिया, जो टेस्ट इतिहास में दूसरा सबसे कम स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 और 42 रन बनाए और 16 स्थान ऊपर उठकर 29वें नंबर पर आ गए हैं।

जमैका में हैट्रिक लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। वह पिंक टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने। मिशेल स्टार्क ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी की, 6 विकेट लेकर 10वें स्थान पर कायम हैं, साथ ही उनका रेटिंग अंक 766 तक पहुंच गया है। टॉप-10 में पांच ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज शामिल हैं, जिसमें कप्तान पैट कमिंस तीसरे और जोश हेजलवुड चौथे स्थान पर हैं। स्पिनर नाथन लियोन एक स्थान गिरकर आठवें नंबर पर आ गए हैं। नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं, जिन्होंने लॉर्ड्स टेस्ट में सात विकेट लिए और उनके कुल अंक 901 हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com