

Highlights:
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास
साल 2012 में डेब्यू करने वाले मैक्सवेल का 14 साल का अंतरराष्ट्रीय करियर रहा शानदार
मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 286 मैच खेले
Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सबसे विस्फोटक और मैच-विजेता ऑलराउंडर्स में से एक ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 38 साल के मैक्सवेल ने मंगलवार को एक पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान क्रिकेट के सभी अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों और विक्टोरिया के लिए घरेलू क्रिकेट यानी 50-ओवर और चार दिवसीय मैच को भी अलविदा कह दिया।
दरअसल, साल 2012 में डेब्यू करने वाले मैक्सवेल का 14 साल का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा, जिसमें उन्होंने कंगारू टीम को कई ऐतिहासिक जीत दिलाई।
ग्लेन मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया के उन चुनिंदा दिग्गज खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने देश को तीन आईसीसी खिताब जिताने में बड़ी भूमिका निभाई। वे 2015 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा रहे और इसके साथ ही साल 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के भी मुख्य स्तंभ थे।
आपको बता दें कि मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 286 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 7,226 रन बनाने के साथ-साथ अपनी स्पिन गेंदबाजी से 136 विकेट भी चटकाए।
टेस्ट क्रिकेट: 7 मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया।
वनडे इंटरनेशनल : 149 मैचों में 3,990 रन बनाए। वहीं उन्होंने जून 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत के खिलाफ अपना आखिरी वनडे खेला था।
टी20 इंटरनेशनल: 130 मैचों में 2,897 रन बनाए। इस साल की शुरुआत में टी20 वर्ल्ड कप में वे आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में दिखे थे।
क्रिकेट इतिहास में ग्लेन मैक्सवेल का नाम हमेशा 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई अविश्वसनीय पारी के लिए अमर रहेगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया 292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 91 रन पर 7 विकेट गंवाकर हार की कगार पर था।
ऐसे समय में गंभीर रूप से पैरों में ऐंठन से जूझते हुए मैक्सवेल ने बिना दौड़े सिर्फ 128 गेंदों पर नाबाद 201 रन की ऐतिहासिक पारी खेल डाली। इस पारी में 21 चौके और 10 छक्के शामिल थे। उन्होंने कप्तान पैट कमिंस के साथ 8वें विकेट के लिए 202 रनों की नाबाद साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से चमत्कारी जीत दिलाई थी। इस पारी को वनडे इतिहास की सबसे महान पारियों में गिना जाता है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल में भी ग्लेन मैक्सवेल का जलवा खूब देखने को मिला। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 141 मैच खेलकर 2,819 रन बनाए हैं। वे इस टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) जैसी लोकप्रिय टीमों के लिए खेल चुके हैं।