CPL 2025: फाल्कन्स ने दर्ज की लगातार चौथी जीत, रॉयल्स पहली जीत के लिए तरसी

Caribbean Premier League 2025: एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स ने शनिवार को कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 (सीपीएल) का 22वां मैच अपने नाम किया। मुकाबले में उसने बारबाडोस रॉयल्स को 4 विकेट से करारी शिकस्त दी।
सीपीएल 2025 : फाल्कन्स की चौथी जीत, रॉयल्स को खाता खुलने का अब भी इंतजार
सीपीएल 2025 (फोटो- IANS)
Published on
Updated on

CPL 2025: कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 का मुकाबला एटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स और बारबाडोस रॉयल्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में फालकन्स ने बारबाडोस को 4 विकेट से करारी शिकस्त दी। इससे पहले मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी बारबाडोस ने फाल्कन्स के सामने 4 विकेट के नुकसान पर 187 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। क्विंटन डी कॉक ने ब्रैंडन किंग के साथ 11.2 ओवरों में 91 रन जोड़े।

क्विंटन 28 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। यहां से ब्रैंडन किंग ने शेरफेन रदरफोर्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। रदरफोर्ड ने 17 गेंदों में 29 रन की पारी खेली, जिसमें दो छक्के और तीन चौके शामिल थे। ब्रैंडन किंग रॉयल्स की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 65 गेंदों में सात छक्कों और छह चौकों के साथ नाबाद 98 रन बनाए। विपक्षी टीम की ओर से सलमान इरशाद ने सर्वाधिक दो विकेट झटके, जबकि ओबेड मैककॉय को एक विकेट हाथ लगा।

गौस व विकहैम के बीच 64 रन की साझेदारी

एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स ने मुकाबले की अंतिम गेंद पर जीत दर्ज की। अमीर जंगू ने एंड्रीस गौस के साथ पहले विकेट के लिए 4.3 ओवरों में 45 रन की साझेदारी की। आमिर 14 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। अगले ओवर में करीमा गोर (1) भी चलते बने। टीम 46 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा चुकी थी। यहां से एंड्रीस गौस ने केविन विकहैम के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़ते हुए फाल्कन्स को संभाला।

केविन ने टीम के खाते में 26 रन का योगदान दिया। इनके अलावा शाकिब अल हसन ने 15, जबकि कप्तान इमाद वसीम ने 17 रन फालकन्स के खाते में जोड़े। टीम को अंतिम ओवर में 12 रन की दरकार थी। रदरफोर्ड ने इस ओवर में तीन वाइड फेंकी, लेकिन पांचवीं गेंद पर वसीम को आउट करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। अंतिम गेंद पर शमर स्प्रिंगर ने दो रनों के लिए दौड़ लगाते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई।

बारबाडोस जीत के लिए तरसी

विपक्षी खेमे से डेनियल सैम्स ने सर्वाधिक तीन शिकार किए, जबकि रेमन सिमंड्स और ईथन बॉश को एक-एक विकेट हाथ लगे। फाल्कन्स नौ में से चार मुकाबले जीतकर तीसरे पायदान पर है, जबकि छह मुकाबलों के बाद अपना खाता तक नहीं खोल पाने वाली बारबाडोस रॉयल्स सबसे अंतिम पायदान पर मौजूद है।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com