PSL 2026: फखर जमान पर लगेगा बैन! बॉल टेम्परिंग विवाद में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तय किए आरोप

Fakhar Zaman: पाकिस्तान सुपर लीग में फखर जमान पर बॉल टैम्परिंग विवाद बढ़ गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लेवल 3 आरोप लगाए। जिसके बाद उन पर बैन की संभावना तेज हो गई है।
PSL 2026: फखर जमान पर लगेगा बैन! बॉल टेम्परिंग विवाद में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तय किए आरोप
फखर जमान (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Pakistan Super League: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। इस मुकाबले में फखर जमान पर बॉल टैम्परिंग के गंभीर आरोप लगे हैं, हालांकि उन्होंने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। यह मामला सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है और हर कोई इस पर प्रतिक्रिया दे रहा है। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाते हुए एक्शन मोड में नजर आ रहा है।

पीसीबी की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया, ''लाहौर कलंदर्स के फखर जमान के ऊपर आचार संहिता के अनुच्छेद 2.14 के तहत लेवल 3 का अपराध दर्ज किया गया है। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट लीग 11 की खेल शर्तों के अनुच्छेद 41.3 का उल्लंघन किया है, जिसमें उन्होंने गेंद की कंडीशन में बदलाव किया है। फखर की तरफ से इस सभी आरोपों से इनकार किया गया है। अगले 48 घंटों के अंदर एक बार फिर से सुनवाई होगी जिसमें मैच रेफरी अपना फैसला सुनाएंगे।''

अगले फैसले पर टिकी नजरें

इस मामले में अब सभी की नजरें आने वाले 48 घंटों पर टिकी हुई हैं, जब मैच रेफरी इस पर अंतिम निर्णय सुनाएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर फखर जमान पर लगाए गए आरोप साबित होते हैं, तो उन पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। पीएसएल के नियमों के मुताबिक लेवल 3 ऑफेंस में खिलाड़ी पर एक या अधिकतम दो मैचों का बैन लगाया जा सकता है। ऐसे में संभावना है कि फखर जमान को आगामी मैचों से बाहर बैठना पड़ सकता है।

यह घटना मैच की दूसरी पारी के दौरान हुई, जब कराची किंग्स को आखिरी ओवर में 14 रनों की जरूरत थी। अंपायर ने फखर जमान की गतिविधि को नोटिस किया और इसके बाद गेंद को बदल दिया गया। साथ ही कराची किंग्स को 5 पेनल्टी रन भी दिए गए। इस फैसले के बाद मैच का रुख बदल गया और अंत में लाहौर कलंदर्स को हार का सामना करना पड़ा।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस पूरे मामले में मैच रेफरी क्या फैसला सुनाते हैं और क्या फखर जमान पर वास्तव में बैन लगाया जाता है या नहीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com