

Dhruv Jurel Wicketkeeping Skills Video: आईपीएल 2026 के 28वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच ईडन गार्डन्स में रोमांचक मैच देखने को मिला। इस मुकाबले में केकेआर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन की पहली जीत दर्ज की। रिंकू सिंह की अर्धशतकीय पारी की बदौलत कोलकाता ने राजस्थान को 4 विकेट से हराया। हालांकि इस मैच में सिर्फ जीत ही चर्चा का विषय नहीं रही, बल्कि राजस्थान के विकेटकीपर ध्रुव जुरेल की एक जबरदस्त स्टंपिंग ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उनकी फुर्ती और अंदाज में दिग्गज एमएस धोनी की झलक साफ नजर आई।
कोलकाता की पारी के दौरान पांचवां ओवर रवि बिश्नोई डाल रहे थे और स्ट्राइक पर कैमरून ग्रीन मौजूद थे। ग्रीन क्रीज से बाहर निकलकर शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, जिसे भांपते हुए बिश्नोई ने गेंद को थोड़ा छोटा रखते हुए वाइड डाल दिया। ग्रीन गेंद तक पहुंचने की कोशिश में चूक गए और गेंद विकेटकीपर के पीछे निकलने लगी। यहीं से जुरेल की फुर्ती देखने को मिली। वह तेजी से आगे बढ़े, गेंद को कलेक्ट किया और बिना समय गंवाए लगभग अंदाजे से ही स्टंप्स पर निशाना साध दिया। गेंद सीधा स्टंप पर जाकर लगी और ग्रीन क्रीज से बाहर पाए गए। इस पूरी प्रक्रिया में जुरेल ने सिर्फ एक झलक स्टंप की ओर डाली और पलक झपकते ही काम तमाम कर दिया। ग्रीन 27 रन बनाकर आउट हुए और उनकी यह विकेट मैच का अहम मोमेंट बन गई।
ध्रुव जुरेल की इस शानदार स्टंपिंग की तारीफ खुद महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘एक स्टंप दिख रहा था, बॉडी मूवमेंट में थी और पलक झपकते ही काम तमाम कर दिया। वाकई शानदार ध्रुव जुरेल।’ सचिन की यह प्रतिक्रिया इस बात का सबूत है कि जुरेल की यह स्टंपिंग कितनी खास थी और उसने क्रिकेट प्रेमियों को कितना प्रभावित किया।
हालांकि ध्रुव जुरेल की विकेटकीपिंग ने खूब सुर्खियां बटोरीं, लेकिन बल्ले से उनका प्रदर्शन इस मैच में खास नहीं रहा। वह सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बावजूद उनकी शानदार स्टंपिंग ने इस मुकाबले को यादगार बना दिया और उन्हें चर्चा का केंद्र बना दिया।