IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स का मास्टरस्ट्रोक, आयरलैंड के दिग्गज को कोचिंग स्टाफ में सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

DC IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपने सपोर्ट स्टाफ में बदलाव करते हुए आयरलैंड के पूर्व खिलाड़ी जॉन मूनी को टीम का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।
PL 2026: दिल्ली कैपिटल्स का मास्टरस्ट्रोक! आयरलैंड के इस दिग्गज को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, कोचिंग स्टाफ में शामिल
जॉन मूनी (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

John Mooney Joins Delhi Capitals Support Staff: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स ने एक अहम फैसला लेते हुए अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। पिछले सीजन प्लेऑफ से चूकने के बाद टीम इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

नए फील्डिंग कोच की नियुक्ति

दिल्ली कैपिटल्स ने आयरलैंड के पूर्व क्रिकेटर जॉन मूनी को आईपीएल 2026 के लिए अपना नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। मूनी जल्द ही टीम कैंप से जुड़ेंगे और खिलाड़ियों के साथ काम शुरू करेंगे। यह पहली बार होगा जब वह आईपीएल में किसी फ्रेंचाइजी के साथ काम करेंगे।

मजबूत कोचिंग स्टाफ के साथ उतरेगी टीम

दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन के लिए अपने कोचिंग स्टाफ को भी काफी मजबूत बनाया है। टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी हेमंग बदानी के पास है, जबकि गेंदबाजी कोच के रूप में मुनाफ पटेल टीम के साथ जुड़े हुए हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज इयान बेल सहायक कोच की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं वेणुगोपाल राव टीम डायरेक्टर के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

इंटरनेशनल अनुभव का मिलेगा फायदा

जॉन मूनी ने आयरलैंड के लिए वनडे और टी20 फॉर्मेट में इंटरनेशनल क्रिकेट खेला है और 2015 में अपना आखिरी मैच खेला था। इसके बाद उन्होंने कोचिंग की दुनिया में कदम रखा और 2018-19 के दौरान अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच रहे। साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के साथ भी काम किया है। ऐसे में उनका अनुभव दिल्ली टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।

पिछले सीजन की कमी दूर करने की कोशिश

दिल्ली कैपिटल्स पिछले आईपीएल सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने से मामूली अंतर से चूक गई थी और पांचवें स्थान पर रही थी। टीम की फील्डिंग भी कई मौकों पर सवालों के घेरे में रही। ऐसे में मूनी की नियुक्ति को टीम की कमजोरियों को दूर करने के बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

कब खेलेगी पहला मुकाबला

आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि नए कोचिंग सेटअप के साथ दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन कैसा प्रदर्शन करती है और क्या वह प्लेऑफ में जगह बना पाती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com