दिल्ली कैपिटल्स (फोटो-सोशल मीडिया)
Delhi Capitals vs Mumbai Indians (DC vs MI): आईपीएल 2026 का 8वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रन बनाए और दिल्ली के सामने 163 रनों का टारगेट दिया। मुंबई के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतकीय पारी खेली।
इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर एमआई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। इसके जवाब में एमआई ने संभली हुई शुरुआत की, लेकिन तीसरे ओवर में मुकेश कुमार ने इस टीम को बैकफुट पर ला दिया। ओवर की तीसरी गेंद पर रयान रिकलटन अपना कैच अक्षर पटेल (9) को थमा बैठे। पांचवीं गेंद पर तिलक वर्मा (0) का कैच मुकेश कुमार ने अपनी ही गेंद पर लपक लिया।
मुंबई इंडियंस 18 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी। यहां से हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में कप्तानी का भार संभाल रहे सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाल लिया। रोहित 26 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सूर्या ने नमन धीर के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।
सूर्या 36 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नमन धीर ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, मिचेल सेंटनर ने नाबाद 18 और कॉर्बिन बॉश ने 11 रन बनाए। एमआई ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक 6 विकेट खोकर 162 रन जुटाए। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से मुकेश कुमार ने 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि लुंगी नगिडी, अक्षर पटेल, विपराज निगम और टी नटराजन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विपराज निगम, लुंगी एंगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, मुकेश कुमार।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।