FIFA World Cup 2026: दुनिया के सबसे छोटे देश ने किया क्वालीफाई, महज 1.5 लाख है आबादी
FIFA World Cup Qualifiers: किंग्स्टन में खेले गए मुकाबले में कुराकाओ ने मेजबान जमैका को 0-0 से रोककर ऐसा इतिहास रच दिया। कुराकाओ वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने वाली सबसे कम आबादी वाली देश बन गई है।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
कुराकाओ (फोटो-सोशल मीडिया)
FIFA World Cup Qualifiers: दुनिया की सबसे छोटी आबादी वाली देश कुराकाओ ने इतिहास रच दिया है।कैरेबियाई द्वीप कुराकाओ ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह पहली बार है जब इतनी कम आबादी वाली देश ने फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया है।
किंग्स्टन में खेले गए मुकाबले में कुराकाओ ने मेजबान जमैका को 0-0 से रोककर ऐसा इतिहास रच दिया, जिसने करीब डेढ़ लाख की आबादी वाले इस छोटे से द्वीप को जश्न में डूबो दिया। कुराकाओ की कुल आबादी 1,56,000 है।
खचाखच भरे स्टेडियम और घरेलू दर्शकों के भारी समर्थन के बावजूद रेगे बॉयज गेंद पर दबदबा तो बनाते रहे, लेकिन कुराकाओ का रक्षात्मक ढांचा अटूट दीवार की तरह खड़ा रहा। दूसरे हाफ में जमैका ने कई बेहतरीन मौके बनाए, लेकिन कुराकाओ की हर टैकल, हर ब्लॉक और हर क्लीयरेंस उनके अनुशासन और जुझारूपन की मिसाल साबित हुई।
सम्बंधित ख़बरें
एमबाप्पे से माफी की मांग, नहीं माने तो कानूनी कार्रवाई की चेतावनी; पैराग्वे की सीनेटर का बड़ा बयान
FIFA World Cup 2026: पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को हराकर 72 साल बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंचा स्विट्जरलैंड
FIFA: बाहर होने की कगार पर था अर्जेंटीना, तब चला लियोनेल मेसी का जादुई तूफान; 4 मिनट में ऐसे पलट दिया पूरा मैच
1.4 बिलियन डॉलर का साम्राज्य! बिना एक भी वर्ल्ड कप जीते कैसे दुनिया के सबसे अमीर एथलीट बने रोनाल्डो?
90 मिनट तक मुकाबले में रहा रोमांच
90 मिनट तक चला यह मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। दोनों टीमों ने गोल करने के लिए भरपूर कोशिशें कीं, मगर गोलपोस्ट का रास्ता कोई नहीं ढूंढ पाया। जैसे ही अंतिम सीटी बजी, कुराकाओ के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। यह परिणाम उनके लिए सिर्फ एक ड्रॉ नहीं, बल्कि एक सपना सच होने जैसा था।
टॉप पर पहुंची कुराकाओ की टीम
इस गोलरहित ड्रॉ के साथ कुराकाओ ने ग्रुप-बी में टॉप पर अपनी जगह पक्की कर ली। टीम के 12 अंक हैं, जो जमैका से एक अंक ज्यादा हैं। ग्रुप में त्रिनिदाद एंड टोबैगो 9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि बरमूडा अभी तक अपना खाता भी नहीं खोल पाया।
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: जर्मनी और नीदरलैंड ने किया क्वालीफाई, स्लोवाकिया की उम्मीदें अभी भी जिंदा
कुराकाओ ने आइसलैंड को छोड़ा पीछे
अगले साल जून-जुलाई में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप में कुल 48 टीमें उतरेंगी। कुराकाओ की यह क्वालिफिकेशन आइसलैंड के 2018 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ती है। उस समय 3.5 लाख की आबादी वाले आइसलैंड ने इतिहास रचा था, लेकिन कुराकाओ ने लगभग आधी आबादी के साथ यह उपलब्धि हासिल कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। स्वाभाविक है, अब इस टीम पर विश्व कप में सभी की निगाहें होंगी।
खास बात यह है कि कुराकाओ ने यह करिश्मा अपने मुख्य कोच डिक एडवोकाट की गैरमौजूदगी में किया, जो पारिवारिक कारणों से नीदरलैंड लौट गए थे। उनकी अनुपस्थिति में टीम का यह प्रदर्शन और भी प्रेरणादायक बन जाता है।
