CSK vs RR: धोनी बाहर, जडेजा विरोधी टीम में, राजस्थान के खिलाफ चेन्नई की टीम में ये खिलाड़ी कर सकते हैं डेब्यू

CSK IPL 2026: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी. इस मुकाबले में टीम बदली नजर आएगी और कई नए खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
Chennai Super Kings IPL 2026
चेन्नई सुपर किंग्स (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Chennai Super Kings vs Rajasthan Royals: आईपीएल 2026 में 30 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान के बीच गुवाहाटी के Barsapara Cricket Stadium में मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में चेन्नई की टीम काफी बदली हुई नजर आ सकती है, क्योंकि कई बड़े नाम प्लेइंग इलेवन से बाहर रहेंगे।

टीम में बड़े बदलाव

चेन्नई सुपर किंग्स को इस मुकाबले में अपने दिग्गज खिलाड़ियों की कमी खलेगी। महेंद्र सिंह धोनी चोट के चलते कुछ हफ्तों के लिए मैदान से दूर रहेंगे। वहीं रवींद्र जडेजा को ट्रेड के जरिए राजस्थान रॉयल्स भेजा जा चुका है, जिसके बदले टीम में संजू सैमसन शामिल हुए हैं। ऐसे में टीम कॉम्बिनेशन में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है।

संजू सैमसन को मिल सकता है डेब्यू

इस मैच में सबसे ज्यादा नजरें संजू सैमसन पर होंगी, जो चेन्नई के लिए डेब्यू कर सकते हैं। 18 करोड़ में टीम में शामिल हुए सैमसन के पास 330 टी20 मैचों का अनुभव है, जिसमें उन्होंने 8400 रन बनाए हैं। धोनी की गैरमौजूदगी में वह विकेटकीपिंग के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं। साथ ही उनका कप्तानी अनुभव ऋतुराज गायकवाड़ के लिए मददगार साबित हो सकता है।

युवा खिलाड़ियों को मौका

चेन्नई इस मुकाबले में युवा खिलाड़ियों पर भी दांव खेल सकती है। 19 साल के कार्तिक शर्मा को टीम ने 14.20 करोड़ में खरीदा है और वह एक आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। इसके अलावा ऑलराउंडर प्रशांत वीर को भी डेब्यू का मौका मिल सकता है, जो गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं और टीम में जडेजा जैसी भूमिका निभा सकते हैं।

मैथ्यू शॉर्ट भी बन सकते हैं विकल्प

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट को भी इस मैच में मौका मिल सकता है। 1.50 करोड़ में खरीदे गए शॉर्ट के पास 150 से ज्यादा टी20 मैचों का अनुभव है। उन्हें चोटिल डेवाल्ड ब्रेविस की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।

RR के खिलाफ CSK की संभावित प्लेइंग XI

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे/सरफराज खान, मैथ्यू शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन/अकील हुसैन, नूर अहमद, मैट हेनरी, खलील अहमद और अंशुल कंबोज/गुरजापनीत सिंह।

Navbharat Live
navbharatlive.com