गांगुली की यादें हुईं ताजा, लॉर्ड्स में इंग्लैंड को हराकर भारतीय डिसएबिलिटी टीम ने लहराई टीशर्ट; देखें VIDEO

ENG vs IND Disability Cricket: लॉर्ड्स में इंग्लैंड को 118 रन से हराकर भारतीय डिसएबिलिटी टीम ने बालकनी में टीशर्ट लहराकर 2002 के सौरव गांगुली वाले जश्न की यादें ताजा कर दीं।
Ganguly's memories revived as the Indian disability team waved their T-shirts after defeating England at Lord's
लॉर्ड्स सेलिब्रेशन (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Indian Mixed Disability Team Lords Balcony Celebration: भारत की मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड को हराने के बाद ऐसा जश्न मनाया, जिसने 2002 नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल की यादें ताजा कर दीं। जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लॉर्ड्स की बालकनी में टीशर्ट लहराकर जश्न मनाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

भारतीय खिलाड़ियों ने बनाया बड़ा स्कोर

भारत और इंग्लैंड के बीच 7 मैचों की मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट सीरीज का आखिरी मुकाबला लॉर्ड्स में खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन बनाए। ये पूरी सीरीज में भारत का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम को सिर्फ 88 रन पर समेट दिया।

भारत ने ये मुकाबला 118 रन से जीत लिया। इंग्लैंड के कप्तान कैलाम फ्लिन ने भी भारतीय टीम के प्रदर्शन की तारीफ की और माना कि वो जीत की हकदार थी। हालांकि, इस जीत के बावजूद भारत सीरीज अपने नाम नहीं कर सका। इंग्लैंड ने 7 मैचों की सीरीज 4-3 से जीत ली।

सौरव गांगुली स्टाइल सेलिब्रेशन

लॉर्ड्स में भारत की इस जीत के बाद जश्न ने सभी का ध्यान खींच लिया। बालकनी में मौजूद भारतीय खिलाड़ियों में से एक ने अपनी टीशर्ट उतारकर उसे उसी अंदाज में लहराया, जैसा सौरव गांगुली ने 2002 नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में भारत की जीत के बाद किया था। इसी दौरान एक अधिकारी ने भी अपना ब्लेजर उतारकर लहराना शुरू कर दिया।

Sourav Ganguli Lord's Celebration
सौरव गांगुली (सोर्स - सोशल मीडिया)
Ganguly's memories revived as the Indian disability team waved their T-shirts after defeating England at Lord's
रिंकू सिंह ने मचाई तबाही, 24 गेंदों पर 55 रन ठोके; बारिश ने रोका मैच तो मेरठ मावरिक्स ने ऐसे दर्ज की जीत

क्या हुआ था 2002 में?

2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी का फाइनल जीतने के बाद गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में टीशर्ट लहराई थी। उनका ये अंदाज क्रिकेट इतिहास के यादगार पलों में शामिल हो गया। ये जश्न उस समय इंग्लैंड के खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ के भारत में टीशर्ट लहराने का जवाब भी माना गया था।

अब करीब दो दशक से ज्यादा समय बाद भारतीय मिक्स्ड डिसएबिलिटी टीम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड को हराकर उसी ऐतिहासिक जश्न को दोहरा दिया। टीम की ये जीत और गांगुली की याद दिलाने वाला जश्न सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com