

लगातार बारिश के कारण भारत-पाकिस्तान फाइनल बिना टॉस और एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया।
मैच रेफरी ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को एकमात्र विजेता घोषित कर दिया।
इस एकतरफा फैसले के विरोध में भारतीय टीम ने ट्रॉफी वितरण समारोह का बहिष्कार किया।
India vs Pakistan Blind Cricket: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आज यानी शुक्रवार 20 नवंबर को पुरुष ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह खिताबी मैच लगातार हो रही बारिश की वजह से बिना एक भी गेंद फेंके यहां तक कि बिना टॉस हुए ही रद्द कर दिया गया।
इस दौरान मैच रद्द होने के बाद मैच रेफरी ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को टूर्नामेंट का एकमात्र विजेता घोषित कर दिया। इस बीच रेफरी के इस एकतरफा फैसले से नाराज भारतीय टीम ने कड़ा विरोध जताते हुए ट्रॉफी वितरण समारोह का बहिष्कार कर दिया।
दरअसल, मैच रेफरी के इस निर्णय को भारतीय टीम ने खेल के नियमों के विरुद्ध बताया है। इसी नाराजगी के चलते भारतीय खिलाड़ियों ने पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया।
भारतीय टीम और 'क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया' यानी CABI का स्पष्ट मानना है कि यदि फाइनल मुकाबला बारिश के कारण धुल जाता है या टाई रहता है, तो नियमानुसार दोनों फाइनलिस्ट टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए। CABI ने रेफरी के फैसले को सिरे से खारिज करते हुए दोनों देशों को संयुक्त चैंपियन बनाने की मांग दोहराई है।
आपको बता दें कि इस पूरे विवाद पर CABI ने टूर्नामेंट की नियमावली का हवाला देते हुए अपना पक्ष साफ किया है। एसोसिएशन के मुताबिक, उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी आधिकारिक आपत्ति वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) के सामने दर्ज कराई थी। नियमों की धारा 27 में इस बात का उल्लेख है कि फाइनल मुकाबला टाई होने की स्थिति में क्या किया जाना चाहिए।
CABI ने इसी धारा के आधार पर दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने की मांग रखी थी। हैरानी की बात यह है कि शुरुआत में WBCC की तकनीकी समिति ने भी भारत की इस दलील और व्याख्या पर अपनी सहमति जताई थी, लेकिन बाद में फैसला पलट दिया गया।
इस विवाद के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने भविष्य के टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेने को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। खिलाड़ियों का कहना है कि आगे के मुकाबलों में खेलने या न खेलने का अंतिम फैसला अब पूरी तरह से CABI के हाथों में है। टीम ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि एसोसिएशन उन्हें मंजूरी देता है, तो वे मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं, अन्यथा वे आगामी मुकाबलों का हिस्सा नहीं बनेंगे।
गौरतलब है कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन (गत विजेता) के रूप में उतरी थी, जिसने इससे पहले 2016 में यह खिताब अपने नाम किया था। हालांकि, मौजूदा टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में पाकिस्तान ने रोमांचक मुकाबले में भारत को एक विकेट से शिकस्त दी थी, जिसका फायदा उसे बेहतर नेट रन रेट के रूप में फाइनल रद्द होने पर मिल गया।