

HIGHLIGHTS:
WPL के चारों फाइनल हारने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने प्रबंधन बदला।
जीएमआर स्पोर्ट्स ने महेला जयवर्धने को नया 'क्रिकेट डायरेक्टर' बनाया।
वे दिल्ली कैपिटल्स (WPL), दुबई कैपिटल्स (ILT20) और सदर्न ब्रेव (द हंड्रेड) का कामकाज संभालेंगे।
Mahela Jayawardene GMR Sports: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पहले चारों सीजन के फाइनल में पहुंचकर भी खिताब से चूकने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने अब अपनी रणनीति बदल दी है।
फ्रेंचाइजी की सह-मालिक कंपनी जीएमआर स्पोर्ट्स ने श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज कोच महेला जयवर्धने को अपना नया 'क्रिकेट डायरेक्टर' नियुक्त किया है। अब इस नई भूमिका में जयवर्धने WPL में दिल्ली कैपिटल्स के अलावा आईएलटी20 में दुबई कैपिटल्स और 'द हंड्रेड' में सदर्न ब्रेव के क्रिकेट कामकाज भी संभालेंगे।
दरअसल, साल 2023 में WPL की शुरुआत से ही दिल्ली कैपिटल्स टूर्नामेंट की सबसे निरंतर टीम रही है, लेकिन चारों सीजन के फाइनल में हारकर टीम को उपविजेता (रनर-अप) बनकर ही संतोष करना पड़ा है। जयवर्धने के आने से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वह जीएमआर स्पोर्ट्स के पोर्टफोलियो के तहत टैलेंट की पहचान, खिलाड़ियों के विकास और परफॉर्मेंस मैनेजमेंट पर काम करेंगे। इसके साथ ही, वह ग्रुप की सभी टीमों के बीच अनुभव साझा करने के लिए हैम्पशायर के क्रिकेट डायरेक्टर जाइल्स व्हाइट के साथ भी मिलकर काम करेंगे।
अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए जयवर्धने ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स की एक मजबूत पहचान है और महिला क्रिकेट को लेकर इसका विजन बेहद शानदार है। मेरा मुख्य ध्यान टीम की मौजूदा ताकतों को और निखारने, प्रदर्शन में निरंतरता लाने और खिताब के लिए मजबूत दावेदारी पेश करने पर होगा।
इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि वह हर टीम के कल्चर का सम्मान करते हुए खिलाड़ियों के लिए एक ऐसा माहौल तैयार करना चाहते हैं, जहां वे सर्वोच्च स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
आपको बता दें कि महेला जयवर्धने के लिए दिल्ली की फ्रेंचाइजी नई नहीं है। वह 2012 और 2013 में बतौर खिलाड़ी और कप्तान दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) का हिस्सा रह चुके हैं। वह इस पद पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेणुगोपाल राव की जगह लेंगे, जिन्होंने चार साल से अधिक समय तक सेवाएं देने के बाद पद छोड़ दिया है।
राव के मार्गदर्शन में दुबई कैपिटल्स ने 2025 में ILT20 का खिताब जीता था। हाल ही में मुंबई इंडियंस के हेड कोच का पद छोड़ने वाले जयवर्धने के पास कोचिंग का शानदार अनुभव है; उनकी देखरेख में मुंबई ने तीन बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है।
जीएमआर स्पोर्ट्स के चेयरमैन और दिल्ली कैपिटल्स के को-ओनर किरण कुमार गांधी ने कहा कि यह नियुक्ति टीम को चैंपियन बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उनके मुताबिक, आधुनिक क्रिकेट की जयवर्धने की समझ और विजेता टीम बनाने का उनका अनुभव दिल्ली कैपिटल्स विमेंस को अगले स्तर पर ले जाएगा।
वहीं, जेएसडब्ल्यू (JSW) स्पोर्ट्स के चेयरमैन और को-ओनर पार्थ जिंदल ने जयवर्धने को क्रिकेट के सबसे बेहतरीन दिमागों में से एक बताते हुए कहा कि खिलाड़ी, कप्तान और कोच के तौर पर उनका रिकॉर्ड खुद उनकी काबिलियत बयां करता है।