वरुण चक्रवर्ती के कैच पर मचा बवाल, अंपायर के फैसले से नाखुश दिखे अभिषेक शर्मा, सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस

SRH vs KKR IPL 2026: ब्लेसिंग मुजरबानी ने एक ही ओवर में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा को पवेलियन भेजा। तीसरे अंपायर ने अभिषेक को आउट दिया, जिस फैसले से वह नाखुश नजर आए।
IPL 2026 Controversy over Varun Chakravarthy's Catch
वरुण चक्रवर्ती ने पकड़ा था अभिषेक शर्मा का कैच (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Kolkata Knight Riders vs Sunrisers Hyderabad: आईपीएल 2026 में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं। पहले मुकाबले में वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने दमदार वापसी की। अपने पहले ओवर में 16 रन खर्च करने के बाद मुजरबानी ने अगले ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया।

एक ओवर में दो बड़े झटके

मुजरबानी ने अपने दूसरे ओवर में महज तीन गेंदों के अंदर दो अहम विकेट चटकाए। उन्होंने पहले हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन को आउट किया और इसके बाद अभिषेक शर्मा को भी पवेलियन भेज दिया। इन दो विकेटों ने हैदराबाद की पारी को बड़ा झटका दिया और कोलकाता की टीम को मुकाबले में वापसी का मौका मिला।

अभिषेक शर्मा के आउट पर विवाद

अभिषेक शर्मा का विकेट थोड़ा विवादित रहा। उन्होंने धीमी गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही तरह से बल्ले पर नहीं आई। डीप स्क्वायर लेग पर खड़े वरुण चक्रवर्ती ने आगे की ओर झुकते हुए कैच लपका। हालांकि कैच जमीन के काफी करीब था, जिससे संदेह की स्थिति बन गई। मैदानी अंपायर ने तुरंत तीसरे अंपायर की मदद ली। कई कोणों से जांच के बाद तीसरे अंपायर ने अभिषेक को आउट करार दिया।

फैसले से नाखुश दिखे अभिषेक

अभिषेक शर्मा इस फैसले से संतुष्ट नजर नहीं आए। वह क्रीज पर कुछ देर तक खड़े रहे और उन्हें भरोसा था कि कैच साफ नहीं लिया गया है। हालांकि तीसरे अंपायर के निर्णय के बाद उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। मैदान से बाहर जाते समय भी उन्होंने इशारों में अपनी नाराजगी जाहिर की। वह अर्धशतक से चूक गए और 21 गेंदों पर 48 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे।

ईशान किशन का भी गिरा विकेट

इससे पहले मुजरबानी ने कप्तान ईशान किशन को भी पवेलियन भेजा था। उनका कैच बाउंड्री लाइन पर रिंकू सिंह ने पकड़ा। ईशान ने 9 गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल थे। इन दोनों विकेटों के गिरने से हैदराबाद का स्कोर 111 रन पर एक विकेट से अचानक 112 रन पर तीन विकेट हो गया।

29 वर्षीय मुजरबानी के लिए यह विकेट खास रहा, क्योंकि यह उनका आईपीएल में पहला विकेट था। वह इस लीग में खेलने वाले जिम्बाब्वे के गिने-चुने खिलाड़ियों में शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया और मुकाबले को रोमांचक बना दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com