बिहार को मिला एक और इंटरनेशनल स्टेडियम, राजगीर स्टेडियम का नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन

Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया, खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और खेल सम्मान राशि वितरित कर बिहार में खेल विकास को बढ़ावा दिया।
बिहार को मिला एक और इंटरनेशनल स्टेडियम, राजगीर स्टेडियम का नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन
नीतीश कुमार (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bihar gets one more International Stadium: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को नालंदा जिले के राजगीर में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया और इस अवसर पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र के साथ खेल सम्मान राशि भी प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने पवेलियन और मैदान का लोकार्पण करने के बाद स्टेडियम का निरीक्षण किया और वहां मौजूद खिलाड़ियों एवं दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। बिहार को दूसरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मिल गया है। इससे पहले बिहार के पटना में मोइनुल हक स्टेडियम था। जहां वर्ल्ड कप का मुकाबला भी खेला जा चुका है।

40 हजार दर्शकों की बैठने की क्षमता

बयान के अनुसार, करीब 18 एकड़ भूमि पर बने इस स्टेडियम में 40,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। पवेलियन छह मंजिला है। मैदान में महाराष्ट्र की लाल मिट्टी से छह पिच और मोकामा की काली मिट्टी से सात पिच तैयार की गई हैं। बारिश के मौसम में जल निकासी के लिए उन्नत व्यवस्था की गई है। इसमें कहा गया, ‘‘स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक पवेलियन, कोच और मैनेजर के लिए अलग कक्ष, वीवीआईपी दर्शकों के लिए विशेष स्टैंड तथा मीडिया के लिए गैलरी बनाई गई है। यह मैदान बीसीसीआई के मानकों के अनुरूप निर्मित है और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेज़बानी के लिए पूर्णतः सक्षम है।''

खेल को नई ऊंचाइयां मिलेगी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस स्टेडियम के निर्माण से बिहार में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और राजगीर, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय खेल पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित होगा। राज्य सरकार ने वर्ष 2022 से 2025 के बीच कुल 2,085 खिलाड़ियों के बीच लगभग 23.5 करोड़ रुपए की खेल सम्मान राशि वितरित की है। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण और राज्य में खेल संरचनाओं के विकास पर आधारित लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत 87 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 39 महिला और 48 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों में 10 को पुलिस अवर निरीक्षक, एक को बाल कल्याण पदाधिकारी, 65 को निम्नवर्गीय लिपिक और 11 को कार्यालय परिचारी के रूप में नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री ने समारोह में 812 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के बीच लगभग आठ करोड़ रुपए की खेल सम्मान राशि भी वितरित की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों शैलेश कुमार को 75 लाख रुपए, बॉबी कुमार को 35 लाख रुपए और गोल्डी कुमारी को 10 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया। (भाषा इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com