बिहार टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Bihar Created History in Vijay Hazare Trophy: बीसीसीआई द्वारा आयोजित विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। टूर्नामेंट के इतिहास में बिहार ने सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए 574 रन ठोके। यह विजय हजारे ट्रॉफी में अब तक का सर्वोच्च टीम स्कोर है।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ बिहार इस टूर्नामेंट में 500 से ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी टीम बन गई है। बिहार की टीम ने घरेलू क्रिकेट में अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ बिहार के बल्लेबाजों की पारी बिहार क्रिकेट के लिए एक यादगार उपलब्धि बन गई है।
बिहार से पहले 500 रनों का आंकड़ा तमिलनाडु ने पार किया था। तमिलनाडु ने 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 2 विकेट के नुकसान पर 506 रन बनाए। वहीं अब बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ लिस्ट ए में 50 ओवर में 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
| टीम | स्कोर | विपक्षी टीम | साल |
|---|---|---|---|
| बिहार | 574* | अरुणाचल प्रदेश | 2025 |
| तमिलनाडु | 506/2 | अरुणाचल प्रदेश | 2022 |
| मुंबई | 457/4 | पुडुचेरी | 2021 |
| महाराष्ट्र | 427/6 | मणिपुर | 2023 |
| पंजाब | 426/4 | हैदराबाद | 2025 |
रांची में खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप के मुकाबले में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ बिहार के तीन बल्लेबाजों ने शतकीय पारी खेली। बिहार के लिए उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। वैभव ने इस मैच में महज 84 गेंदों में 190 रनों की पारी खेली। वैभव के बाद आयुष लोहारूका ने शतकीय पारी खेली। मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने उतरे आयुष ने 56 गेंदों में 116 रनों की पारी खेली। वहीं दोनों के बाद अंत में कप्तान सकीबुल गनी का तूफान देखने को मिला। सकीबुल गनी ने महज 32 गेंदों में ही अपना शतक पूरा करके इतिहास रच दिया। वो लिस्ट ए में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। गनी ने 40 गेंदों में नाबाद 128 रनों की पारी खेली।
बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बिहार का यह फैसला वैभव सूर्यवंशी ने सही भी साबित किया। वैभव ने महज 36 गेंदों में ही अपना शतक पूरा किया। वैभव ने मंगल महरौर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी की। महरौर 33 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं वैभव को दूसरे विकेट के लिए पीयूष सिंह का साथ मिला।
यह भी पढ़ें: सकीबुल गनी ने तोड़ा वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड, लिस्ट ए में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बने
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। वैभव 84 गेंदों में 16 चौके और 15 छक्के के सहारे 190 रन बनाए। उसके बाद पीयूष 77 रन बनाकर आउट हो गए। आयुष लोहारूका ने 56 गेंदों पर 116 रनों की पारी खेली। वहीं अंत में कप्तान सकीबुल गनी की धमाकेदार पारी देखने को मिला। सकीबुल गनी ने 40 गेंदों में 10 चौके और 12 छक्कों के साथ नाबाद 128 रनों की पारी खेली। गनी के इस पारी के बदौलत बिहार की टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 574 रन बनाए।