टीम इंडिया के लिए बांग्लादेश ने बदला अपना शेड्यूल, भारत के खिलाफ सीरीज को लेकर इस देश का दौरा टाला

IND vs BAN: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सितंबर का आयरलैंड दौरा टाल दिया है। अब उसकी नजर भारत के खिलाफ अपने घर में संभावित लिमिटेड ओवर्स सीरीज की मेजबानी पर टिकी है।
India vs Bangladesh Match Photos
भारत बनाम बांग्लादेश (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

India vs Bangladesh Series: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद बांग्लादेश क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। इसी क्रम में बोर्ड ने सितंबर में होने वाले आयरलैंड दौरे को टालने का बड़ा फैसला लिया है, ताकि भारत के खिलाफ संभावित सीरीज की मेजबानी पर पूरा ध्यान दिया जा सके।

भारत सीरीज पर फोकस के लिए लिया बड़ा फैसला

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का यह फैसला काफी रणनीतिक माना जा रहा है। दरअसल, भारत का बांग्लादेश दौरा लंबे समय से टलता आ रहा है, जिसे अब बोर्ड प्राथमिकता देना चाहता है। साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेश टीम के लिए भारत के खिलाफ घरेलू लिमिटेड ओवर्स सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है। इस सीरीज से टीम को अपनी तैयारियों को मजबूत करने का बड़ा मौका मिल सकता है।

आपसी सहमति से टाला गया आयरलैंड दौरा

बीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने क्रिकबज से बातचीत में बताया कि भारत के संभावित सितंबर दौरे को देखते हुए आयरलैंड सीरीज को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया। हालांकि आयरलैंड टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के कारण नई तारीख तय करना आसान नहीं था। दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच बातचीत के बाद आपसी सहमति से यह तय किया गया कि इस सीरीज को अब साल 2027 में आयोजित किया जाएगा। इससे बांग्लादेश को अपने कार्यक्रम को बेहतर तरीके से मैनेज करने का समय मिलेगा।

वर्ल्ड कप 2027 के लिए अहम है भारत सीरीज

बीसीबी के इस फैसले के पीछे सबसे बड़ा कारण वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी है। बांग्लादेश टीम फिलहाल आईसीसी वनडे रैंकिंग में 79 रेटिंग अंकों के साथ 9वें स्थान पर है। सीधे वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने के लिए उसे टॉप-8 में जगह बनानी होगी। आईसीसी के नियमों के अनुसार 31 मार्च 2027 तक रैंकिंग में शीर्ष 8 टीमें सीधे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेंगी, जबकि बाकी टीमों को क्वालीफायर खेलना पड़ेगा। ऐसे में भारत के खिलाफ सीरीज बांग्लादेश के लिए बेहद निर्णायक साबित हो सकती है।

सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा भारत दौरा

पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम को बांग्लादेश दौरे पर तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी थी। वनडे मुकाबले 1, 3 और 6 सितंबर को जबकि टी20 मैच 9, 12 और 13 सितंबर को प्रस्तावित थे। हालांकि दोनों देशों के बीच मौजूदा संबंधों को देखते हुए इस दौरे पर अनिश्चितता बनी हुई है। अब भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही संभव हो सकेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com