बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना पर ICC का कड़ा एक्शन, श्रीलंका के खिलाफ मैच में गुस्सा दिखाना पड़ा भारी
Bangladesh vs Sri Lanka T20: बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे T20 मैच में आउट होने के बाद गुस्सा दिखाना भारी पड़ गया। ICC ने आचार संहिता के उल्लंघन पर उन्हें फटकार लगाई।
- Written By: प्रिया जैस
बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना (सौजन्य-IANS)
Bangladesh Women Cricket Captain: बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम की कप्तान निगार सुल्ताना को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने पर आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई है।
यह पूरा मामला सिलहट में शनिवार को बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले के दौरान का है। सुल्ताना पर आईसीसी के आर्टिकल 2.2 के उल्लंघन का आरोप लगा है, जो किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरणों, कपड़ों या मैदान के सामान का गलत इस्तेमाल करने से संबंधित है।
आउट होने के बाद जमीन पर फेंका बल्ला
यह घटना बांग्लादेश की बल्लेबाजी के दौरान घटी, जब कप्तान निगार सुल्ताना आउट होने के बाद बेहद निराश और गुस्से में नजर आईं। उन्होंने पवेलियन की तरफ लौटने से पहले नाराजगी में अपना बल्ला जमीन पर फेंक दिया। आईसीसी ने उनकी इस हरकत को खेल भावना के विपरीत माना। इस औपचारिक फटकार के साथ ही निगार सुल्ताना के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ दिया गया है। पिछले 24 महीनों में निगार सुल्ताना द्वारा किया गया यह पहला अपराध है।
सम्बंधित ख़बरें
ICC T20 रैंकिंग में बड़ा उलटफेर: अभिषेक शर्मा को पछाड़कर नंबर वन बने ईशान किशन, बुमराह व गिल का भी जलवा
वेस्टइंडीज को रौंदकर 8वीं बार फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, फाइनल खेलने पर कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट
‘हरमनप्रीत अकेली जिम्मेदार नहीं,’ टीम इंडिया के बाहर होने पर भड़कीं अंजुम चोपड़ा; किसे ठहराया जिम्मेदार?
IND W vs AUS W: आस्ट्रेलिया के खिलाफ हरमनप्रीत कौर का विस्फोटक अर्धशतक, भारत ने दिया 171 रनों का लक्ष्य
मैच रेफरी के समक्ष मानी अपनी गलती
आईसीसी ने सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। उन्होंने एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की सदस्य सुप्रिया रानी दास द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया, जिसके चलते इस मामले में आगे किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। यह आरोप मैदानी अंपायर एलोइस शेरिडन और साथीरा जाकिर जेसी, तीसरे अंपायर रोकेया सुल्ताना और चौथे अंपायर चंपा चकमा ने लगाए थे।
यह भी पढ़ें – KL Rahul ने रचा इतिहास! रोहित-कोहली को पीछे छोड़ बने ‘सिक्सर किंग’, इस लिस्ट की टॉप में बनाई जगह
क्या कहता है ICC का डिमेरिट प्वाइंट नियम?
आईसीसी के नियमानुसार, लेवल-1 के उल्लंघन पर न्यूनतम सजा के तौर पर आधिकारिक फटकार और अधिकतम खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जाता है। इसके साथ ही एक या दो डिमेरिट प्वाइंट भी दिए जाते हैं। यह डिमेरिट प्वाइंट खिलाड़ी के रिकॉर्ड में 24 महीनों तक दर्ज रहता है।
यदि कोई खिलाड़ी इस अवधि में चार या उससे अधिक डिमेरिट प्वाइंट प्राप्त कर लेता है, तो उसे सस्पेंशन प्वाइंट में बदल दिया जाता है। इसका अर्थ यह होता है कि खिलाड़ी पर एक टेस्ट, दो वनडे या दो टी20 मैचों का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि इस दौरे पर श्रीलंका ने बांग्लादेश को वनडे में 2-1 और टी20 सीरीज में 3-0 से करारी शिकस्त दी है।
