गाबा में ऑस्ट्रेलिया का जलवा, पिंक बॉल टेस्ट में भी इंग्लैंड को चटाई धूल, 8 विकेट से जीता मुकाबला

AUS vs ENG: ब्रिस्बेन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 8 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। मिचेल स्टार्क को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड दिया गया।
गाबा में ऑस्ट्रेलिया का जलवा, पिंक बॉल टेस्ट में भी इंग्लैंड को चटाई धूल, 8 विकेट से जीता मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Australia beats England in Pink Ball Test Match: ब्रिस्बेन में खेले गए पिंक बॉल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 8 विकेट से मात देकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 241 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने 65 रन का आसान लक्ष्य रखा। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने यह लक्ष्य मात्र 10 ओवर में हासिल कर लिया। इस शानदार जीत के लिए मिचेल स्टार्क को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड दिया गया।

बेन स्टोक्स ने दूसरी पारी में खेली अर्धशतकीय पारी

इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत बेन स्टोक्स और विल जैक्स की जोड़ी ने की। दोनों ने 134/6 से टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। इस दौरान सातवें विकेट के लिए उन्होंने 96 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। विल जैक्स 92 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हुए। बेन स्टोक्स ने जुझारू अंदाज में 152 गेंदों में 50 रन बनाए। इंग्लैंड के लोअर ऑर्डर बल्लेबाजों जैसे गस एटकिंसन (3), ब्रायडन कार्स (7) और जोफ्रा आर्चर (5*) ने ज्यादा योगदान नहीं दिया और टीम 241 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी का कमाल

ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी ने इंग्लैंड की दूसरी पारी को पूरी तरह से नियंत्रित किया। माइकल नेसर ने 16.2 ओवर में 42 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड ने 2-2 विकेट लिए जबकि ब्रैंडन डॉकेट ने एक विकेट लिया। पहली पारी में भी मिचेल स्टार्क ने 6 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। इस शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के करीब ला दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से 65 रनों का लक्ष्य हासिल किया

जीत के लिए केवल 65 रन का लक्ष्य मिलने पर ऑस्ट्रेलिया ने इसे आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान स्टीव स्मिथ ने 23 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। ट्रेविस हेड ने 22 गेंदों पर 22 रन और सलामी बल्लेबाज जेक वेदराल्ड ने 23 गेंदों में 17 रन बनाए। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 511 रन बनाए और इंग्लैंड के खिलाफ 177 रन की बढ़त बनाई थी।

सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की बढ़त

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। मिचेल स्टार्क की बेहतरीन गेंदबाजी और टीम के बल्लेबाजों की जिम्मेदार पारी ने इंग्लैंड को ब्रिस्बेन में एकतरफा मुकाबले में हराया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com