डेमियन मार्टिन (फोटो-सोशल मीडिया)
Damien Martyn Wakes Up From Coma: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी एवं 2003 विश्व विजेता टीम के सदस्य डेमियन मार्टिन की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। डेमियन मार्टिन अब कोमा से बाहर आ चुके हैं और इलाज के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए अब बात भी करने लगे हैं। मेनिन्जाइटिस से जूझने के मार्टिन कोमा में चले गए थे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट ने उनके हेल्थ के बारे में अपडेट दी।
गिलक्रिस्ट ने बताया कि मेनिन्जाइटिस की पुष्टि होने के बाद मार्टिन को गोल्ड कोस्ट के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से बातचीत में कहा, “पिछले 48 घंटों में अविश्वसनीय बदलाव देखने को मिला है। इलाज असर दिखा रहा है और वह अब बात करने में सक्षम हैं। यह किसी चमत्कार से कम नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि डेमियन मार्टिन फिलहाल अस्पताल में ही रहेंगे और उनका इलाज जारी है, लेकिन उनकी हालत में आया सुधार बेहद उत्साहजनक है। गिलक्रिस्ट के मुताबिक, कोमा से बाहर आने के बाद से उनकी सेहत में ऐसा बदलाव आया है कि परिवार के लिए भी यह किसी चमत्कारी वापसी जैसा है।
गिलक्रिस्ट ने बताया कि हालात अब इतने सकारात्मक हैं कि परिवार को उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही आईसीयू से अस्पताल के दूसरे हिस्से में शिफ्ट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनका मनोबल ऊंचा है और उन्हें दुनियाभर से मिल रहे समर्थन ने भावुक कर दिया है। अभी कुछ निगरानी और इलाज बाकी है, लेकिन स्थिति लगातार बेहतर हो रही है। मार्टिन की पत्नी अमांडा ने भी शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि लोगों से मिले प्यार, दुआओं और देखभाल ने उनके पति के ठीक होने में बड़ी भूमिका निभाई है।
यह भी पढ़ें: 138 सालों के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, सिडनी टेस्ट में बिना किसी स्पिनर के साथ उतरी ऑस्ट्रेलिया
डार्विन में जन्मे डेमियन मार्टिन ने 1992-93 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने 2006-07 एशेज सीरीज में अपना आखिरी टेस्ट खेला, जिसके बाद वे कमेंट्री से जुड़ गए। मार्टिन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट मैच खेले और 208 वनडे में 40.8 की औसत से रन बनाए। वह 1999 और 2003 विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य रहे। 2003 विश्व कप फाइनल में भारत के खिलाफ उन्होंने उंगली में फ्रैक्चर के बावजूद नाबाद 88 रन की यादगार पारी खेली थी। इसके अलावा, वह 2006 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे।