घरेलू क्रिकेट में आंध्र प्रदेश का बड़ा फेरबदल, गैरी स्टीड के बाद इंदुलकर को बनाया बैटिंग कोच

Andhra Cricket Association: आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन ने वेटरन बल्लेबाज विनीत इंदुलकर को बल्लेबाजी कोच और विश्व प्रसिद्ध गैरी स्टेड को सपोर्ट स्टाफ प्रमुख के रूप में नियुक्त कर टीम को मजबूत बनाया है।
घरेलू क्रिकेट में आंध्र प्रदेश का बड़ा फेरबदल, गैरी स्टीड के बाद इंदुलकर को बनाया बैटिंग कोच
विनीत इंदुलकर (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Andhra rope in former Mumbai batter as batting coach: आंध्र टीम घरेलू क्रिकेट सीजन से पहले कड़ी तैयारी में जुटी हुई है। एक दिन पहले ही विश्व प्रसिद्ध कोच गैरी स्टीड को अपनी सपोर्ट स्टाफ के प्रमुख के रूप में नियुक्त करने के बाद आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने विनीत इंदुलकर को अपने बल्लेबाजी कोच के तौर पर शामिल किया है।

41 साल के इंदुलकर मुंबई के अनुभवी बल्लेबाज रह चुके हैं। वो अब बतौर बल्लेबाजी कोच आंध्र प्रदेश की टीम के साथ जुड़ गए हैं। रविवार को वो टीम के साथ मैसूर में शामिल हुए। जहां आंध्र की टीम केएससीए टूर्नामेंट में भाग ले रही है। क्रिकबज के एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंदुलकर ने कहा कि मैं मैसूर के रास्ते में हूं। हालांकि इसके अलावा उन्होंने अपने नए रोल के बारे में ज्यादा बात नहीं की। उन्होंने कहा कि वह अपनी पेपर वर्क के बाद ही कुछ कहेंगे। आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि करते हुए कहा कि इंदुलकर अब हमारे सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा हैं।

पिछले सीजन के बाद एमसीए ने तोड़ा नाता

इंदुलकर मुंबई के बल्लेबाजी कोच थे, लेकिन पिछले सीजन के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने उनसे रास्ता अलग किया। MCA ने उनके स्थान पर ब्राविश शेठी को नियुक्त किया है, लेकिन आंध्र एसोसिएशन अपनी इस भर्ती से संतुष्ट है। आंध्र के अधिकारी ने कहा कि वह मुंबई के सपोर्ट स्टाफ के मुख्य सदस्य थे, जब मुंबई रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंची और मुश्ताक अली टूर्नामेंट जीता। इंदुलकर ने अपने 16 साल के करियर में 2004 से 2020 तक 43 प्रथम श्रेणी मैच खेले।

आंध्र के एमएसके प्रसाद ने ACA की सराहना की

ACA द्वारा गैरी स्टीड की नियुक्ति को काफी सराहा जा रहा है। पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एमएसके प्रसाद ने कहा कि एसीए का यह फैसला बहुत अच्छा है। यह आंध्र क्रिकेट के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगा। इस राज्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन दिशा की आवश्यकता थी। खिलाड़ी ज्यादा खुलकर अपनी बात नहीं कहते, लेकिन अब अनुभवी कोच गैरी स्टेड के आने से बहुत सी चीजें बदलेंगी।

आंध्र क्रिकेट के दिग्गज और पहले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रसाद ने करीब एक दशक पहले महिला टीम के कोच के रूप में पूर्व न्यूजीलैंड खिलाड़ी मारिया फैहे को भी भर्ती किया था। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट को मारिया फैहे के आने से काफी फायदा हुआ था। स्टीड का आना भी किवी और आंध्र क्रिकेट के बीच एक सांस्कृतिक और तकनीकी आदान-प्रदान साबित होगा।