संजय बांगड़ और अनाया बांगड़ (फोटो- सोशल मीडिया)
Anaya Bangar Gender Affirming Surgery: पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर ने अपनी जिंदगी के सबसे बड़े बदलाव को दुनिया के साथ साझा किया है। उन्होंने अपने ट्रांसजेंडर सफर और जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी को लेकर खुलकर बात की, जो उनके जीवन का बेहद अहम पड़ाव रहा है।
अनाया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने थाईलैंड में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी करवाई है। इस पोस्ट में वह अपने पिता के साथ नजर आईं और इस पूरे सफर को आसान न बताते हुए कहा कि यह उनके और उनके परिवार दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।
अनाया के मुताबिक, जब उन्होंने अपने इस फैसले के बारे में परिवार को बताया, तो शुरुआत में इसे समझना आसान नहीं था। परिवार के सामने कई सवाल और असमंजस की स्थिति थी। लेकिन समय के साथ सभी ने इस बदलाव को समझा और स्वीकार किया, जिससे अनाया को आगे बढ़ने की ताकत मिली।
इस पूरे सफर में उनके पिता संजय बांगर का साथ सबसे अहम रहा। अनाया ने बताया कि भले ही शुरुआत में उन्हें समय लगा, लेकिन बाद में पिता का समर्थन पूरी तरह से उनके साथ खड़ा रहा। यह समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना और उन्होंने इस मुश्किल दौर को पार करने में मदद की।
अनाया का सफर कई सालों में धीरे-धीरे सामने आया। जन्म के समय उन्हें लड़का माना गया था और पहले उनका नाम आर्यन था। उन्होंने क्रिकेट में भी अपना करियर बनाने की कोशिश की और मुंबई अंडर-16, पुडुचेरी अंडर-19 ट्रायल्स और मुंबई अंडर-23 स्तर तक खेला।
साल 2023 में अनाया ने Hormone Replacement Therapy (HRT) की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपने बदलाव और पहचान को लेकर खुलकर बात करनी शुरू की। हालांकि इस दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, खासकर क्रिकेट में, जहां शारीरिक बदलाव का असर उनके प्रदर्शन पर भी पड़ा।
हाल ही में एक इंटरव्यू में अनाया बांगर ने बताया कि इस सफर के दौरान उन्हें कुछ कठिन और परेशान करने वाले अनुभवों से भी गुजरना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने खुद को स्वीकार किया और आगे बढ़ती रहीं।
ये भी पढ़ें: महामुकाबले के लिए तैयार है भारत-पाक, यहां देखें टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल
आज अनाया बांगड़ की कहानी कई लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है। उन्होंने यह साबित किया है कि आत्मविश्वास, परिवार का समर्थन और खुद को स्वीकार करने की ताकत से किसी भी मुश्किल को पार किया जा सकता है।