कश्मीर के क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन को राष्ट्रपति भवन से न्योता, 15 अगस्त को राष्ट्रपति के साथ होंगे खास मेहमान

Kashmir Para Cricketer: जम्मू-कश्मीर के दिव्यांग क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन को 15 अगस्त के मौके पर राष्ट्रपति भवन से 'एट होम' कार्यक्रम में शामिल होने का खास निमंत्रण मिला है।
Kashmiri cricketer Aamir Hussain Lone receives an invitation from Rashtrapati Bhavan
आमिर हुसैन लोन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Amir Hussain Lone Invited To Rashtrapati Bhavan: जम्मू-कश्मीर के दिव्यांग क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन के लिए 15 अगस्त 2026 का दिन बेहद खास होने वाला है। आमिर को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नई दिल्ली आने और राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 'एट होम' कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता मिला है। राष्ट्रपति भवन से मिले इस निमंत्रण को आमिर अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और उपलब्धि मान रहे हैं।

मैं खुशनसीब हूं- आमिर हुसैन

आमिर हुसैन लोन ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें एक दिन देश की राष्ट्रपति से मिलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, 'मैं खुशनसीब हूं कि मुझे 15 अगस्त के दिन राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिला है।'

आमिर को ये निमंत्रण मिले कुछ दिन ही हुए हैं, लेकिन वो इतने उत्साहित हैं कि उन्हें ठीक से नींद भी नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि वो राष्ट्रपति से मिलने और इस खास कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

परिवार के साथ पूरा गांव भी हुआ खुश

आमिर ने बताया कि इस खबर से उनके परिवार के साथ-साथ उनका पूरा गांव भी खुश है। वो एक साधारण परिवार से आते हैं और उनका गांव भी काफी पिछड़ा हुआ है। गांव में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है।

ऐसे माहौल से निकलकर राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया और उनकी इस यात्रा में परिवार का समर्थन सबसे अहम रहा है।

आमिर ने ये भी बताया कि राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिलने की खुशी इतनी ज्यादा है कि पिछले कुछ दिनों से वो क्रिकेट की प्रैक्टिस भी नहीं कर पाए हैं। वो अब 15 अगस्त का इंतजार कर रहे हैं, जब उन्हें देश के सबसे खास स्थानों में से एक राष्ट्रपति भवन में जाने और राष्ट्रपति से मिलने का मौका मिलेगा।

बचपन का सपना हुआ पूरा

आमिर ने कहा कि बचपन से ही उनका सपना क्रिकेटर बनने का था, लेकिन उस समय लोग उन्हें क्रिकेट खेलने का मौका नहीं देते थे। इससे उन्हें काफी दुख होता था। अब जब वो अपनी क्रिकेट अकादमी शुरू करने जा रहे हैं, तो उनकी इच्छा है कि उसका उद्घाटन वही व्यक्ति करे, जिसने मुश्किल समय में उनका साथ दिया।

आमिर ने बताया कि उनकी जिंदगी में एक ऐसा दौर आया था, जब वो पूरी तरह टूट गए थे। उस मुश्किल समय में उन्हें गौतम अदाणी का समर्थन मिला। आमिर उन्हें अपना 'मसीहा' मानते हैं और चाहते हैं कि उनकी क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन भी गौतम अदाणी ही करें।

Kashmiri cricketer Aamir Hussain Lone receives an invitation from Rashtrapati Bhavan
विकेटकीपर बनने का था सपना, फिर कैसे बने क्रिकेट के स्पीड डेमन मिचेल स्टार्क? जानिए कहानी

जम्मू-कश्मीर के युवा खिलाड़ियों को मिले मौका

आमिर ने कहा कि कश्मीर में काफी प्रतिभा है और अब धीरे-धीरे ये प्रतिभा सामने आ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आकिब नबी की तरह जम्मू-कश्मीर के दूसरे युवा क्रिकेटरों को भी आगे बढ़ने और बड़े स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा।

आमिर हुसैन लोन की क्रिकेट के प्रति मेहनत और जुनून की तारीफ महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी कर चुके हैं। आमिर ने अपनी चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब राष्ट्रपति भवन से मिला ये निमंत्रण उनके सफर में एक और यादगार अध्याय जोड़ने जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com