अल्लाह गजनफर (फोटो-सोशल मीडिया)
Mumbai Indians vs Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 का आगाज हो चुका है। आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में रविवार को मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराया। इस जीत के बाद भी मुंबई की ओर से आईपीएल में अपना डेब्यू करने वाले अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज अल्लाह गजनफर के लिए यह मुकाबला निराशाजनक रहा। इस लीग में डेब्यू करते हुए गजनफर ने दूसरे सबसे महंगा स्पेल डालने का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराया।
अल्लाह गजनफर ने केकेआर के खिलाफ अपने चार ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट चटकाए 51 रन खर्च किए। अफगानी गेंदबाज ने 12.80 की इकोनॉमी से रन खर्च किए। आईपीएल के डेब्यू मुकाबले में सबसे महंगा स्पेल फेंकने का शर्मनाक रिकॉर्ड प्रयास रे बर्मन के नाम दर्ज है। उन्होंने साल 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में 56 रन दिए थे।
इस मुकाबले में गजनफर केकेआर के खिलाफ अपनी लाइन और लेंथ से भटके नजर आए, जिसका भरपूर फायदा कोलकाता के बल्लेबाजों ने उठाया। गजनफर को आईपीएल 2025 के ऑक्शन में मुंबई ने 4.80 करोड़ रुपए में खरीदा था। वहीं, आईपीएल 2026 के लिए टीम ने उन्हें रिटेन किया था।
वानखेड़े के मैदान पर मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड जारी रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 220 रन लगाए। टीम की तरफ से कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंदों में 67 रनों की दमदार पारी खेली जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन बनाए। वहीं, फिन एलन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 37 रन बनाए। हालांकि, अपने ही घरेलू मैदान पर मुंबई के गेंदबाज संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। बुमराह ने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 35 रन दिए, तो हार्दिक पांड्या ने 3 ओवर में 39 रन खर्च किए। वहीं, ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में 38 रन दिए और कोई विकेट नहीं निकाल सके।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाले एशिया के पहले खिलाड़ी बने
मुंबई ने केकेआर से मिले 221 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया। पांच बार की चैंपियन मुंबई की ओर से रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 78 रन बनाए जबकि रयान रिकेल्टन ने 43 गेंदों में 81 रन की दमदार पारी खेली। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 81 रन जोड़े और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रन बनाए, तो हार्दिक पांड्या 11 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 18 रन बनाकर नाबाद रहे।