

MI vs KKR IPL 2026: आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रोमांचक टक्कर देखने को मिल रही है। इस मैच में मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।
केकेआर की शुरुआत बेहद आक्रामक रही, जहां अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने मिलकर पहले ही ओवरों में गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और मुंबई के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया।
पारी का चौथा ओवर लेकर आए हार्दिक पांड्या के लिए यह बेहद महंगा साबित हुआ। ओवर की पहली ही गेंद पर रहाणे ने लॉन्ग लेग के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा। इसके बाद दूसरी गेंद पर भी उन्होंने एक और छक्का लगाकर दबाव बढ़ा दिया। तीसरी गेंद पर लेग बाय से एक रन आया और स्ट्राइक बदल गई। इसके बाद स्ट्राइक पर आए फिन एलन ने चौथी गेंद पर चौका जड़ा। हार्दिक की एक गेंद वाइड भी रही, जिसका फायदा उठाते हुए एलन ने आखिरी दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए। इस तरह रहाणे और एलन ने मिलकर इस ओवर में कुल 26 रन बटोरकर मैच का रुख अपने पक्ष में कर लिया।
जब केकेआर की ओपनिंग जोड़ी मजबूत साझेदारी की ओर बढ़ रही थी, तभी शार्दुल ठाकुर ने मुंबई को अहम सफलता दिलाई। 69 रन के स्कोर पर उन्होंने फिन एलन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। एलन बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हो गए। एलन ने 17 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। शार्दुल यहीं नहीं रुके और उन्होंने आगे चलकर कैमरन ग्रीन को भी पवेलियन भेजा। लखनऊ से ट्रेड होकर मुंबई में शामिल हुए ठाकुर ने इस मैच में अपनी उपयोगिता साबित कर दी।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रयान रिकल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मार्कडे, एएम गजनीफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।
कोलकाता नाइट राइडर्स: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रंघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनिल नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी।