अफगानिस्तान ने चूर-चूर किया साउथ अफ्रीका का गुरूर, पहले वनडे में दी 6 विकेट से मात
अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम ने आखिरकार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सिलसिला तोड़ दिया। अफगानिस्तान की टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सफेद गेंद वाले क्रिकेट मैच में पहली बार जीत हासिल की है। अफगानिस्तान के खिलाफ किसी भी सफेद गेंद वाले क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका की यह पहली हार है।
- Written By: अभिषेक सिंह
अफगानिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका (सोर्स-सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क: अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम ने आखिरकार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सिलसिला तोड़ दिया। अफगानिस्तान की टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सफेद गेंद वाले क्रिकेट मैच में पहली बार जीत हासिल की है। अफगानिस्तान के खिलाफ किसी भी सफेद गेंद वाले क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका की यह पहली हार है।
अब तक दोनों देश वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच बार आमने-सामने हुए हैं और सभी मौकों पर दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की है, लेकिन अब यह सिलसिला टूट गया है। बुधवार 18 सितंबर को शारजाह में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में अफगानिस्तान ने पहले दक्षिण अफ्रीका को 106 रनों पर ऑल आउट कर दिया और फिर 26 ओवर में 4 विकेट खोकर मैच जीतकर इतिहास के पन्ने पलट दिए।
यह भी पढ़ें:– बांग्लादेश के कप्तान शंटो ने टीम को चेताया, भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले कही यह बात
सम्बंधित ख़बरें
हालांकि, वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान की टीम का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह तीसरा मैच था, लेकिन पिछले दोनों मैचों में अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार नतीजा जीत के रूप में सामने आया है। 2019 और 2023 वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच खेले गए थे और दोनों बार दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की थी।
पहली द्विपक्षीय सीरीज में कमाल
अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह पहली द्विपक्षीय सीरीज है, जिसके पहले मैच में मेजबान अफगानिस्तान ने 6 विकेट से जीत दर्ज की है। 107 रनों के लक्ष्य का पीछा करने में अफगानिस्तान की टीम को थोड़ी मुश्किलों का सामना जरूर करना पड़ा, लेकिन पूर्व कप्तान गुलबदीन नईब और अजमतुल्लाह उमरजई ने टीम को जीत की दहलीज पार कराने में मदद की।
नईब-उमरजई ने दिलाई जीत
नईब ने 34 और उमरजई ने नाबाद 25 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। गेंदबाजी में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे फजलहक फारूकी ने चार और युवा अल्लाह गजनफर ने तीन विकेट चटकाए। राशिद खान ने भी दक्षिण अफ्रीका के दो विकेट चटकाए। मैच में बियान मुल्डर ने अर्धशतक लगाया।
यह भी पढ़ें:– टेस्ट में 3 साल में दिखा रोहित, विराट और अश्विन की तिकड़ी का जलवा, बांग्लादेश के खिलाफ भी करेंगे कमाल
