

IPL 2027 Abhishek Sharma Leave SRH: आईपीएल के 20वें सीजन की शुरुआत अगले साल 10 मार्च 2027 से होगी और इसका फाइनल मुकाबला 15 मई 2027 को खेला जा सकता है। लेकिन इस सीजन के शुरू होने से पहले ही क्रिकेट गलियारों से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। खबर है कि, भारतीय टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा अपनी IPL टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से नाराज हैं और वह जल्द ही इस फ्रेंचाइजी से अलग हो सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले सीजन यानी IPL 2026 में जब नियमित कप्तान पैट कमिंस उपलब्ध नहीं थे, तब हैदराबाद फ्रेंचाइजी ने ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी थी।
दावों के अनुसार, फ्रेंचाइजी का यह फैसला अभिषेक शर्मा को बिल्कुल पसंद नहीं आया और वह पिछले सीजन से ही टीम मैनेजमेंट से नाखुश चल रहे हैं। इसी कप्तानी विवाद के कारण अब उनके और फ्रेंचाइजी के रास्ते अलग होने की कगार पर हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अभिषेक शर्मा आईपीएल 2027 के मेगा ऑक्शन या मिनी ऑक्शन में नहीं जाएंगे। इसके बजाय वह 'ट्रेड डील' के जरिए किसी दूसरी टीम का हिस्सा बन सकते हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स वो संभावित टीमें हैं, जो अभिषेक शर्मा को अपने पाले में शामिल करने के लिए भारी दिलचस्पी दिखा रही हैं।
इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स भी इस रेस में मजबूती से बनी हुई है। दिल्ली के कोचिंग सेटअप में अभिषेक शर्मा के मेंटर और गुरु युवराज सिंह शामिल हैं, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वह दिल्ली कैपिटल्स का रुख भी कर सकते हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक अभिषेक शर्मा या सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अभिषेक शर्मा जिस आक्रामक शैली के बल्लेबाज हैं, उन्हें कोई भी टीम हाथों-हाथ लेने को तैयार रहेगी। हालांकि, उनके कप्तान बनने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है। कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स को छोड़कर बाकी लगभग सभी टीमों के कप्तान पहले से तय हैं।
अगर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस से अलग होते हैं, तभी मुंबई को नए कप्तान की तलाश होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई टीम कैश या ट्रेड डील के जरिए उन्हें अपनी टीम में शामिल कर कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपती है या नहीं।