अभिषेक शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2025 के 27वें मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 141 रनों की पारी खलते हुए कई कीर्तिमान हासिल किए। अभिषेक शर्मा ने भारतीय बल्लेबाज द्वारा आईपीएल में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।
पंजाब के 24 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2025 के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ओपनिंग करते हुए 55 गेंदों पर 141 रन बनाए। इस दौरान अभिषेक ने 14 चौके और 10 छक्के लगाए। इसके अलावा अभिषेक और ट्रेविस हेड ने पहले विकेट के लिए 171 रनों की साझेदारी की।
अभिषेक शर्मा आईपीएल में भारत के लिए सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा, जो 24 सितंबर 2020 को दुबई में पंजाब किंग्स और आरसीबी के बीच खेले गए आईपीएल 2020 मैच में 69 गेंदों पर 132 रन बनाकर नाबाद रहे थे। अभिषेक अब केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़कर उनसे आगे निकल गए हैं।
| स्थान | खिलाड़ी | टीम | रन | गेंदें | चौके/छक्के | विपक्षी टीम | स्थल | तारीख |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| 1. | क्रिस गेल | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 175* | 66 | 13/17 | पुणे वॉरियर्स इंडिया | बेंगलुरु | 23 अप्रैल 2013 |
| 2. | ब्रेंडन मैक्कलम | कोलकाता नाइट राइडर्स | 158* | 73 | 10/13 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | बेंगलुरु | 18 अप्रैल 2008 |
| 3. | अभिषेक शर्मा | सनराइजर्स हैदराबाद | 141 | 55 | 14/10 | पंजाब किंग्स | बेंगलुरु | 12 अप्रैल 2025 |
| 4. | क्विंटन डी कॉक | लखनऊ सुपर जायंट्स | 140* | 70 | 10/10 | कोलकाता नाइट राइडर्स | नवी मुंबई | 18 मई 2022 |
| 5. | एबी डिविलियर्स | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 133* | 59 | 19/4 | मुंबई इंडियंस | मुंबई | 10 मई 2015 |
आईपीएल मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का ओवरऑल रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। 23 अप्रैल 2013 को आरसीबी और पुणे वॉरियर्स इंडिया के बीच खेले गए आईपीएल 2013 के मैच में गेल 66 गेंदों पर 175 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उनके बाद ब्रेंडन मैकुलम हैं, जो 18 अप्रैल 2008 को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ केकेआर के लिए 73 गेंदों पर 158 रनों पर नाबाद रहे।
खेल जगत से जुड़ी अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अभिषेक ने शनिवार को SRH के लिए 40 गेंदों पर 100 रन का आंकड़ा पार किया और पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम को 8 विकेट से मैच जीतने में मदद की। आईपीएल में अभिषेक शर्मा का यह पहला शतक है। इससे पहले आईपीएल में अभिषेक शतकीय पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सके थे।
2 फरवरी 2025 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए अपने आखिरी टी20 मैच में अभिषेक ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम के लिए 54 गेंदों पर 135 रन बनाए। अब वह टी20 और आईपीएल में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।