

भारत-जिम्बाब्वे महिला टीमों का पहला मुकाबला और रायपुर में पहला महिला इंटरनेशनल मैच होगा।
भारतीय टीम लगातार 8 मैच जीतकर उतरेगी, जबकि जिम्बाब्वे इस साल सभी 18 टी-20 मैच हारी है।
नियमित कप्तान के रूप में स्मृति मंधाना का पहला मैच।
India vs Zimbabwe Women T20: भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच आज यानी शुक्रवार 16 अक्टूबर से तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारत और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं कप्तान स्मृति मंधाना अपनी इस नई जिम्मेदारी की शुरुआत करेंगी। सभी की निगाहें स्मृति की कप्तानी पर टिकी होंगी क्योंकि हरमनप्रीत कौर की जगह इनकों तीनों फार्मेंट का नया कप्तान बनाया गया है, ऐसे में टीम को इनसे काफी उम्मीद होगी।
नियमित कप्तान के रूप में अपना पहला मैच खेलने जा रही स्मृति मंधाना ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी रणनीति साफ की। मंधाना ने कहा कि अगले तीन महीनों में टीम के लिए नए स्टैंडर्ड तय करना सबसे ज्यादा जरूरी है। कप्तानी के दबाव में मेरी बल्लेबाजी का अंदाज नहीं बदलेगा। मैं पहले की तरह ही अपने शॉट्स खेलूंगी और टीम के लिए रन बनाने पर ध्यान दूंगी।
दोनों टीमों के हालिया फॉर्म में जमीन-आसमान का अंतर है। भारतीय टीम जहां शानदार फॉर्म में है और लगातार 8 टी-20 मुकाबले जीत चुकी है, वहीं जिम्बाब्वे की स्थिति बेहद खराब है। जिम्बाब्वे ने इस साल 18 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और उसे सभी में हार का सामना करना पड़ा है।
जिम्बाब्वे को अपनी आखिरी जीत सितंबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ मिली थी। भारतीय टीम ने हाल ही में एशिया कप ट्रॉफी और एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर अपने हौसले बुलंद किए हैं।
टीम की उपकप्तान बनी शेफाली वर्मा इस साल 24 टी-20 मैचों में 162.83 की तूफानी स्ट्राइक रेट से 863 रन बना चुकी हैं, जिसमें एक नाबाद शतक शामिल है। इसके अलावा श्री चरणी गेंदबाजी में इस साल टी-20 इंटरनेशनल की सबसे सफल गेंदबाज रही हैं। उन्होंने 23 मैचों में 5.67 की शानदार इकोनॉमी से 47 विकेट चटकाए हैं।
रायपुर की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के अनुकूल रही है। इसी साल जनवरी में भारतीय पुरुष टीम ने यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रनों का बड़ा लक्ष्य हासिल किया था। मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। शाम को तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो खेल के लिए आदर्श है।
भारतीय फैंस टी20 सीरीज के सभी मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जबकि मुकाबलों की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार की ऐप पर की जाएगी, जहां फैंस अपने मोबाइल और स्मार्ट टीवी पर लॉगिन कर मुकाबले का सीधा प्रसारण देख सकते हैं।
भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के पहले टी20 मुकाबले को फ्री में देखने के लिए आपके टीवी में डीडी स्पोर्ट्स चैनल होना चाहिए क्योंकि यहां बिना कोई चार्ज दिए आप मैच का लाइव प्रसारण देख पाएंगे।