ब्राजील FIFA World Cup के नॉकआउट में, विनीसियस के डबल गोल से स्कॉटलैंड ढेर, चोट के बाद लौटे नेमार
5 बार की चैंपियन ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर FIFA World Cup 2026 के नॉकआउट में जगह बना ली है। विनीसियस जूनियर के दो गोल और स्टार नेमार की चोट के बाद वापसी से फैंस में भारी उत्साह है।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
विनीसियस जूनियर (फोटो- सोशल मीडिया)
FIFA World Cup 2026 Brazil vs Scotland: 5 बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील ने फुटबॉल वर्ल्ड कप में अपना जलवा दिखाते हुए नॉकआउट राउंड में जगह बना ली है। गुरुवार सुबह खेले गए ग्रुप-सी के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से धूल चटा दी। मियामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ब्राजील के स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर जीत के हीरो रहे, जिन्होंने अकेले दो गोल दागे। वहीं टीम के लिए तीसरा गोल मैथियस कुन्हा ने किया। इस दमदार जीत के साथ ब्राजील 7 अंकों के साथ ग्रुप-सी में टॉप पर पहुंच गया है।
विनीसियस भी गोल्डन बूट की रेस में शामिल
मैच की शुरुआत से ही ब्राजील ने स्कॉटलैंड पर दबाव बना लिया था। विनीसियस जूनियर ने मैच के 7वें मिनट में ही पहला गोल कर टीम को शानदार बढ़त दिला दी। इसके बाद उन्होंने हाफ टाइम से ठीक पहले अपना दूसरा गोल भी दाग दिया। वहीं मैथियस कुन्हा ने भी हाफ टाइम से पहले गोल कर स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया। इस डबल गोल के साथ विनीसियस के टूर्नामेंट में अब 4 गोल हो गए हैं और उन्होंने फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे की बराबरी कर ली है। फिलहाल अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी 5 गोल के साथ सबसे आगे चल रहे हैं।
चोट के बाद लौटे नेमार तो फैंस ने किया जोरदार स्वागत
ब्राजीलियाई फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी यह रही कि टीम के सबसे बड़े स्टार नेमार ने मैदान पर वापसी कर ली है। दाएं पिंडली की चोट की वजह से वह शुरुआती दो मैचों में नहीं खेल पाए थे। स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के 76वें मिनट में जैसे ही नेमार मैदान पर उतरे, पूरा स्टेडियम उनके स्वागत में झूम उठा। दूसरी तरफ, 1998 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही स्कॉटलैंड की टीम 9वीं बार ग्रुप स्टेज पार करने में नाकाम रही और बाहर हो गई।
सम्बंधित ख़बरें
FIFA World Cup: स्विट्जरलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराया, शीर्ष पर रहते हुए बनाई नॉकआउट स्टेज में जगह
FIFA World Cup: मोड्रिक के 200वें इंटरनेशनल मैच में क्रोएशिया का दमदार प्रदर्शन, पनामा को 1-0 से हराया
Team India के आयरलैंड दौरे पर चमकेगी इन 3 युवाओं की किस्मत! वैभव सूर्यवंशी की एंट्री से कटेगा किसका पत्ता
FIH Pro League में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, रोमांचक मुकाबले में 4-3 से चटाई धूल
ये भी पढ़ें: स्विट्जरलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराया, शीर्ष पर रहते हुए बनाई नॉकआउट स्टेज में जगह
मोरक्को की शानदार वापसी से हैती का सफर खत्म
ग्रुप-सी के एक अन्य मुकाबले में मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराकर राउंड ऑफ-32 का टिकट पक्का कर लिया है। अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हैती ने दो बार बढ़त बनाई, लेकिन मोरक्को ने हार नहीं मानी। मोरक्को के लिए सूफियान रहीमी ने 78वें मिनट में गोल कर टीम को आगे किया और 89वें मिनट में गेसीम यासीन ने गोल दागकर जीत पक्की कर दी। 52 साल बाद वर्ल्ड कप खेलने उतरी हैती की टीम एक भी अंक हासिल नहीं कर सकी और उसका सफर यहीं खत्म हो गया।
