

Brazil Announces 26-Man Football Squad: ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने 2026 फीफा विश्व कप के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद टीम में बदलाव शुरू कर दिए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और भारत के खिलाफ होने वाले दोस्ताना मैचों के लिए 26 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है।
टीम में रियल मैड्रिड के विनीसियस जूनियर, बार्सिलोना के राफिन्हा और पेरिस सेंट-जर्मेन के मारक्विन्होस जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके साथ ही एंसेलोटी ने कई युवा खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी है।
ब्राजील अपने विश्व कप के बाद के अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 मैचों से करेगा। पहला मुकाबला 25 सितंबर को टाउन्सविले के क्वींसलैंड कंट्री बैंक स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच 29 सितंबर को ब्रिस्बेन के सनकॉर्प स्टेडियम में होगा।
इसके बाद 5 बार की विश्व चैंपियन ब्राजील की टीम भारत आएगी। भारत और ब्राजील के बीच इतिहास में पहली बार फुटबॉल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में होगा। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
एंसेलोटी ने साफ किया है कि ब्राजील की टीम में अगले विश्व कप तक बड़े बदलाव किए जाएंगे। इसी योजना के तहत उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। इनमें से कुछ खिलाड़ी 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भी ब्राजील का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
एंसेलोटी की कोशिश इन युवा खिलाड़ियों को आगे चलकर 2030 विश्व कप के लिए ब्राजील की टीम का मुख्य हिस्सा बनाने की है। उन्होंने जुलाई में ही संकेत दिया था कि विश्व कप के बाद टीम के पुनर्निर्माण में युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा।
ब्राजील की नई टीम में 10 खिलाड़ी घरेलू क्लबों से हैं। बाकी खिलाड़ी यूरोप और दूसरे देशों के क्लबों में खेलते हैं। एंसेलोटी ने विश्व कप में शामिल रहे कुछ ही खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा है और कई नए चेहरों को मौका दिया है।
2026 विश्व कप में ब्राजील का सफर प्री-क्वार्टर फाइनल में खत्म हुआ था। टीम को नॉर्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ ब्राजील का छठी बार विश्व कप जीतने का इंतजार और बढ़ गया। टीम ने आखिरी बार 2002 में विश्व कप खिताब जीता था।
गोलकीपर- ह्यूगो सूजा, पेड्रो मोरिस्को, ओटावियो
डिफेंडर- आर्थर डायस, डगलस सैंटोस, गेब्रियल मागाल्हाएस, जाइर, मारक्विन्होस, मातहीउजिन्हो, माउरो जूनियर, विटोर रीस, वेस्ली
मिडफील्डर- आंद्रेई सैंटोस, ब्रेनो बिडोन, ब्रूनो गिमारेस, डैनिलो सैंटोस, डगलस लुइज, गेब्रियल बोंटेम्पो
फॉरवर्ड- एंड्रिक, स्टीफन, जॉन पीटर, पेड्रो, राफिन्हा, रयान, सैमुअल लिनो, विनीसियस जूनियर