बैडमिंटन खिलाड़ी पलक कोहली और मनदीप कौर के हाथ लगी निराशा, पेरिस पैरालंपिक से हुए बाहर

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मनदीप कौर और पलक कोहली रविवार को यहां महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में अपने-अपने मैच हार कर पैरालंपिक खेलों से बाहर हो गई। इस समय भारत के खाते में 5 पदक हैं, जिसमें 1 स्वर्ण पदक 1 रजत और 3 कांस्य हैं।
बैडमिंटन खिलाड़ी पलक कोहली और मनदीप कौर पेरिस पैरालिंपिक 2024 से बाहर
पलक कोहली और मनदीप कौर (सौजन्यः एक्स)
Published on: 
Updated on: 

पेरिस: पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मनदीप कौर और पलक कोहली को निराशा हाथ आई है। दोनों खिलाड़ी महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में अपने-अपने मैच हार गई, जिसकी वजह से अब वह दोनों पैरालंपिक खेलों से बाहर हो गई।

एसएल3 वर्ग में खेल रही मनदीप नाइजीरिया की तीसरी वरीयता प्राप्त बोलाजी मरियम एनियोला के सामने किसी तरह की चुनौती पेश नहीं कर पाई और 23 मिनट में 8-21, 9-21 से मुकाबला हार गई। मनदीप की एनियोला के खिलाफ यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले वह ग्रुप चरण में भी नाइजीरियाई खिलाड़ी से हार गई थी।

एसएल4 वर्ग में, पैरा विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पलक इंडोनेशिया की खलीमातुस सादियाह से 28 मिनट में 19-21, 15-21 से हार गईं। बाद में दिन में मनीषा रामदास एसयू5 श्रेणी में जबकि नित्या सिवन सुमति एसएच6 श्रेणी के क्वार्टर फाइनल में चुनौती पेश करेंगी।

मनीषा का मुकाबला जापान की मामिको टोयोडा से जबकि नित्या का पोलैंड की ओलिविया स्ज़मीगील से होगा। एसएल4 वर्ग में पुरुष एकल सेमीफाइनल में दो भारतीय खिलाड़ी सुहास यतिराज और सुकांत कदम आमने-सामने होंगे। एसएल3 वर्ग के पुरुष एकल सेमीफाइनल में नितेश कुमार का मुकाबला जापान के डाइसुके फुजिहारा से होगा।

पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत के पास 5 पदक हो गए हैं। जिसमें 1 स्वर्ण पदक 1 रजत और 3 कांस्य हैं। शुक्रवार को अवनि लेखारा ने गोल्ड और मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक जीता था। मनीष नरवाल ने सिल्वर मेडल नाम किया था। प्रीति पाल ने भी कांस्य पदक जीता। जबकि शनिवार को रुबीना फ्रांसिस ने 10 मीटर एयर पिस्टल एसएस-1 स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक दिलाया।

भारत अब पेरिस पैरालंपिक के अंक-तालिका में 22वें स्थान पर आ गया है। शनिवार को भारत 17वें स्थान पर था। अंक तालिका में 42 पदक के साथ चाइना पहले स्थान पर है। ग्रेट ब्रिटेन 25 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com