

PT Usha Meets Olympic Council Of Asia President: इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा ने आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 के आधिकारिक स्वागत समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी और ओसीए के अन्य सदस्यों से मुलाकात की।
पीटी उषा ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की। उन्होंने लिखा कि आधिकारिक स्वागत समारोह में ओसीए अध्यक्ष और सदस्यों से मिलना शानदार रहा। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर पूरे एशिया में खेलों के विकास के लिए काम कर रहे हैं।
ये आधिकारिक स्वागत समारोह एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी से पहले आयोजित किया गया। एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी शनिवार को पालोमा मिजुहो स्टेडियम में होगी। इस आयोजन में पूरे एशिया के एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
एशियन गेम्स से पहले ओसीए अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी ने नागोया में 110वीं ओसीए एग्जीक्यूटिव बोर्ड मीटिंग की अध्यक्षता भी की। बैठक में आने वाले ओसीए कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा हुई। इनमें एशियन इंडोर और मार्शल आर्ट्स गेम्स रियाद 2026, एशियन बीच गेम्स सेबू 2028 और एशियन विंटर गेम्स अल्माटी 2029 शामिल हैं।
एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी से पहले ही भारत का अभियान शुरू हो चुका है। टेकबॉल में भारतीय खिलाड़ी क्विम्सी जोआकिम डिसूजा महिला एकल के सेमीफाइनल में हार गईं। अब वो ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगी। वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला बांग्लादेश से होगा।
भारत की नजर इस बार एशियन गेम्स में अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर है। भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में रहा था, जहां भारतीय दल ने पहली बार एक संस्करण में 100 से ज्यादा मेडल जीते थे। भारत ने तब कुल 107 मेडल अपने नाम किए थे।