Asian Games 2026: जय मीणा ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास, सॉफ्ट टेनिस में भारत को दिलाया पहला ब्रॉन्ज मेडल

Asian Games Soft Tennis: एशियन गेम्स 2026 में जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। ये इस खेल में भारत का पहला एशियन गेम्स मेडल है।
Jay Meena Creates History By Winning 1st Ever Medal In Soft Tennis
जय मीणा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jay Meena Creates History In Soft Tennis: एशियन गेम्स 2026 में भारत के जय मीणा ने पुरुष सॉफ्ट टेनिस में इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस खेल में भारत के लिए एशियन गेम्स का पहला मेडल जीता। सेमीफाइनल में मीणा को जापान के ताकुया कुरोसाका के खिलाफ 2-4 से हार मिली। हालांकि, सेमीफाइनल में हार के बावजूद उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया।

भारत का सॉफ्ट टेनिस में पहला मेडल

मीणा ने क्वार्टर फाइनल में शेरविन नुगुइट के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए भारत का पहला सॉफ्ट टेनिस मेडल पक्का किया था। मुकाबले में वह निर्णायक गेम में 3-5 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने लगातार चार अंक जीतकर मैच अपने नाम किया। मीणा ने क्वार्टर फाइनल 4-3 से जीता और सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद कुरोसाका के खिलाफ हार के साथ उनका सफर ऐतिहासिक कांस्य पदक के साथ खत्म हुआ।

क्रिकेट से शुरू हुआ सफर

जय मीणा का सॉफ्ट टेनिस तक पहुंचने का सफर भी काफी दिलचस्प है। शुरुआत में उनकी रुचि क्रिकेट में थी और वह क्रिकेटर बनना चाहते थे। लेकिन देवास के पायनियर पब्लिक स्कूल में दाखिला लेने के बाद स्कूल में बने सॉफ्ट टेनिस कोर्ट ने उनका ध्यान खींचा। शुरुआत में मीणा खिलाड़ियों को खेलते हुए देखते थे और बाद में बॉल बॉय के तौर पर उनकी मदद करने लगे।

धीरे-धीरे उनकी इस खेल में रुचि बढ़ी और उन्होंने खुद सॉफ्ट टेनिस खेलना शुरू कर दिया।स्कूल और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं से शुरुआत करने के बाद वो राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। सिर्फ 14 साल की उम्र में उन्होंने जापान में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

नेशनल गेम्स से मिली पहचान

मीणा ने 2022 में गुजरात में हुए 36वें नेशनल गेम्स में पुरुष सिंगल्स का गोल्ड मेडल जीता और अपनी पहचान बनाई। उन्होंने पुरुष टीम और डबल्स स्पर्धा में भी मध्य प्रदेश के लिए पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया।

2025 में वो पुरुष सिंगल्स के नेशनल चैंपियन बने। एशियन गेम्स 2022 में भी मीणा ने अच्छा प्रदर्शन किया था। वो पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे। इसके अलावा उन्होंने पुरुष टीम स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।

Jay Meena Creates History By Winning 1st Ever Medal In Soft Tennis
Asian Games 2026: मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स में जीता पहला पदक, 28 साल बाद भारत को वेटलिफ्टिंग में सिल्वर

वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी जीता मेडल

2024 में जय मीणा ने आध्या तिवारी के साथ मिलकर वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारत को इस प्रतियोगिता में पहला मेडल दिलाया। इसके बाद 2025 में उन्होंने एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया।

पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंचकर उन्होंने कांस्य पदक जीता और इस प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में मीणा ने कुल चार मेडल जीते, जो उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com