'गोली तो चालैगी...', पहले मैदान पर अंपायरिंग, अब वीडियो में दिखा दबंग अंदाज, अनिल चौधरी का ये स्टाइल हुआ वायरल

Anil Chaudhary: इंटरनेशनल अंपायरिंग से पहचान बनाने वाले अनिल चौधरी लंबे समय से मैदान पर नजर नहीं आए हैं। अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उनके डॉन अंदाज ने फिर सुर्खियां बटोर ली हैं।
Umpire Anil Chaudhary
अंपायर अनिल चौधरी (फोटो- @ epicfilms_entertainment's profile picture epicfilms_entertainment)
Published on
Updated on

Anil Chaudhary Video went Viral: इंटरनेशनल क्रिकेट में अंपायरिंग के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले अनिल चौधरी अब मैदान से ज्यादा सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट की दुनिया में सक्रिय नजर आ रहे हैं। लंबे समय से इंटरनेशनल मैचों में अंपायरिंग करते हुए दिखाई नहीं देने वाले चौधरी अब नए-नए प्रोजेक्ट्स के जरिए चर्चा में बने हुए हैं। हाल के समय में उन्हें कमेंट्री करते हुए भी देखा गया, वहीं अब उन्होंने सिनेमा की दुनिया में कदम रखकर फैंस को चौंका दिया है।

‘गोली तो चालैगी’ में दिखा डॉन वाला अंदाज

अनिल चौधरी का नया म्यूजिक वीडियो ‘गोली तो चालैगी’ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह एक हरियाणवी गैंगस्टर थीम पर आधारित गाना है, जिसमें उनका बिल्कुल अलग और दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है। वीडियो में चौधरी डॉन स्टाइल लुक में नजर आते हैं, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।

इस गाने का निर्देशन मशहूर फैशन डिजाइनर सुमन गुहा ने किया है, जिन्होंने अब फिल्ममेकिंग में भी कदम रखा है। वहीं इस प्रोजेक्ट को एपिक फिल्म्स के बैनर तले नरेश झा ने प्रोड्यूस किया है। म्यूजिक वीडियो में अनिल चौधरी के साथ रोहित खरब, चांदनी राउत और हेमेश दीक्षित भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

अनिल चौधरी का बयान

अनिल चौधरी ने इस गाने पर बात करते हुए कहा कि ‘मुझे कैमरे से डर नहीं लगा क्योंकि मैं हरियाणवी में कमेंट्री करता रहता हूं। सुमन गुहा ने मुझसे बेहतरीन काम करवा लिया। मैं प्रोड्यूसर नरेश झा का भी धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे यह अवसर दिया। शूटिंग करके बहुत मजा आया। अंपायरिंग और एक्टिंग दोनों का अपना अलग ही मज़ा है।’

इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार अंपायरिंग करियर

अनिल चौधरी भारतीय क्रिकेट के सफल अंपायरों में गिने जाते रहे हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में इंटरनेशनल स्तर तक पहुंचे। चौधरी ने 12 टेस्ट मैचों में अंपायरिंग की, जबकि 49 वनडे और 64 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी उनकी अहम भूमिका रही। इसके अलावा उन्होंने महिला क्रिकेट में 1 टेस्ट और 11 वनडे मैचों में भी अंपायरिंग की है। फिलहाल अनिल चौधरी अपना यूट्यूब चैनल भी चला रहे हैं और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी एक्टिव हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आईपीएल 2026 के दौरान वह हरियाणवी कमेंट्री करते हुए भी नजर आ सकते हैं। अंपायरिंग से लेकर एक्टिंग तक उनका यह नया अवतार फैंस के लिए काफी दिलचस्प साबित हो रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com