भारत की अनाहत सिंह का कमाल, इतिहास रचकर वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश के अंतिम-4 में बनाई जगह; अब खिताबी जीत पर नजर

World Junior Squash: अनाहत सिंह ने वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश के सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रचा दिया। अनाहत ने मिस्र खिलाड़ी हबीबा रिज्क को हराकर लगातार दूसरी बार अंतिम-4 में जगह बना ली है।
India's Anahat Singh shines, making history by securing a spot in the World Junior Squash semi-finals; now eyes the title.
अनाहत सिंह (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Anahat Singh World Junior Squash Championship Semi-Final: भारत की नंबर वन महीला स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने 2026 वर्ल्ड जूनियर इंडिविजुअल स्क्वैश चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए इतिहास रच दिया। महिला विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज अनाहत ने क्वार्टर फाइनल में मिस्र की हबीबा रिज्क को 3-1 से हराकर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही वह विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में लगातार दो बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।

एक और जीत दर्ज करते रचेंगी इतिहास

अनाहत ने कड़े मुकाबले में हबीबा रिज्क को 11-7, 11-5, 6-11, 11-9 से मात दी। पहले दो गेम आसानी से जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ी ने तीसरा गेम गंवा दिया, लेकिन चौथे गेम में शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

अब सेमीफाइनल में अनाहत का सामना एक और मिस्र की खिलाड़ी बार्ब सामेह से होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करते ही अनाहत विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनने से सिर्फ एक कदम दूर रह जाएंगी।

कैसा है बार्ब सामेह का खेल प्रर्दशन?

बार्ब सामेह ने हांगकांग की हेलेन टैंग को सीधे गेमों में हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। वहीं, मिस्र की मालिका एलकराक्सी ने बेल्जियम की सवाना मोक्सहैम को 3-0 से हराया, जबकि दूसरी वरीयता प्राप्त रुकय्या सलेम ने मलेशिया की व्हिटनी विल्सन को पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में मात दी।

पुरुष वर्ग में मिस्र का दबदबा

पुरुष वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त मोहम्मद जकारिया ने अमेरिका के यासीन शालाबी को सीधे गेमों में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। उनके हमवतन सेफेलदीन रेफाय ने बेल्जियम के मैडॉक्स मोक्सहैम को 3-0 से हराया और अब सेमीफाइनल में उनका सामना जकारिया से होगा।

दूसरी ओर, दूसरी वरीयता प्राप्त एडम हवाल ने सऊदी अरब के मोहम्मद अलनसफान को 3-1 से हराया, जबकि मरवान अस्साल ने फ्रांस के अमीर खालिद-जूसेलिन को पांच गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

2025 में जीता था ब्रॉन्ज

अनाहत सिंह ने पिछले साल के ब्रॉन्ज मेडल के बाद, इस साल सेमीफाइनल में पहुंचते ही उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार दो मेडल पक्के करने वाली पहली भारतीय होने का गौरव हासिल कर लिया है। भारत की निगाहें अब अनाहत सिंह पर टिकी हैं, जो सेमीफाइनल जीतकर देश के लिए जूनियर विश्व स्क्वैश इतिहास का सबसे बड़ा अध्याय लिखने की दहलीज पर खड़ी हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com